बिहार कैबिनेट विस्तार पर भड़के तेजस्वी, निशांत को मंत्री बनाए जाने पर पीएम मोदी और नीतीश को घेरा, अब नहीं है परिवारवाद
तेजस्वी ने कहा, “प्रधानमंत्री पहले ‘शहजादे’ कहकर हमला करते थे, लेकिन अब बताना चाहिए कि असली शहजादे कौन हैं।
Tejashwi yadav : तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और जदयू परिवारवाद के खिलाफ सिर्फ बयानबाजी करते हैं, जबकि उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। तेजस्वी ने कहा कि जिन नेताओं ने कभी परिवारवाद के मुद्दे पर राजनीति की, आज वही लोग अपने परिवार के सदस्यों को बिना चुनाव लड़े मंत्री बना रहे हैं। उन्होंने निशांत कुमार और दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों बिना चुनाव लड़े और बिना किसी सदन के सदस्य बने मंत्री पद तक पहुंच गए।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री पहले ‘शहजादे’ कहकर हमला करते थे, लेकिन अब बताना चाहिए कि असली शहजादे कौन हैं। आज एनडीए के लगभग हर दल में परिवारवाद दिखाई दे रहा है।” तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार कैबिनेट में कई ऐसे मंत्री हैं जो राजनीतिक परिवारों से आते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अब परिवारवाद पर बोलने का नैतिक अधिकार खो चुकी है।
सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद पहले छह महीने सिर्फ सरकार गठन और नेतृत्व परिवर्तन में निकल गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मंत्री पांच महीने भी अपने पद पर नहीं टिक पाए और सरकार के पास कोई स्पष्ट विजन नहीं है।
TRE-4 पर घेरा
TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने कहा कि युवाओं को नौकरी देने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार सिर्फ दिखावे और प्रचार में लगी हुई है।
बिहार का खजाना खाली
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार का खजाना खाली है और सरकार के पास विकास योजनाओं को लागू करने के लिए संसाधनों की कमी है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों, पेंशनधारियों और कर्मचारियों के भुगतान तक में दिक्कत हो रही है। तेजस्वी यादव ने सरकार की नई घोषणाओं पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जो सरकार इंदिरा आवास जैसी योजनाओं को पूरी तरह लागू नहीं कर पाई, वह नए शहर बसाने और हर जिले में एयरपोर्ट बनाने की बातें कर रही है।
33 फीसदी महिला क्यों नहीं मंत्री
महिलाओं की भागीदारी को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और पूछा कि क्या कैबिनेट में 33 प्रतिशत महिलाओं को जगह दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन महिलाओं को मौका मिला भी है, वे भी राजनीतिक परिवारों से जुड़ी हुई हैं।
राजद का होगा संगठन विस्तार
अपने संगठनात्मक कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आरजेडी अब संगठन को और मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। पार्टी हर जिले और प्रखंड स्तर पर कैडर को मजबूत करेगी और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने बताया कि उनकी आगामी यात्रा का कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।
रंजन की रिपोर्ट