अनंत प्रकरण पर तेजस्वी का बड़ा बयान: बोले-धोखा देने वालों की हालत सब देख रहे हैं, आरजेडी में वापसी का सवाल ही नहीं

मोकामा विधायक अनंत सिंह पर जदयू द्वारा की गई कार्रवाई पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखा तंज कसा है। वहीं उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अनंत सिंह की राजद में वापसी का सवाल ही पैदा नहीं होता है.....

अनंत प्रकरण पर तेजस्वी का बड़ा बयान- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार की सियासत में बाहुबली विधायक अनंत कुमार सिंह की विधानसभा सदस्यता पर तलवार लटकने और उनके सरकारी बंगले को खाली कराने के प्रशासनिक आदेश के बाद राजनीतिक पारा पूरी तरह चढ़ गया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पहली बार खुलकर बोलते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और विधान सभा मे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने विश्वास मत के दौरान आरजेडी को धोखा देने वाले विधायकों को आड़े हाथों लिया और साफ किया कि अनंत सिंह के लिए पार्टी के दरवाजे पूरी तरह बंद हैं। 


'धोखा देने वालों की आज क्या स्थिति है, सब के सामने है'

तेजस्वी यादव ने पुरानी घटनाओं को याद करते हुए कहा कि फ्लोर टेस्ट (विश्वास मत) के दौरान जिन तीन विधायकों ने पार्टी के साथ गद्दारी और धोखा किया था, आज उनकी जमीनी हकीकत सबके सामने है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, "सबसे पहले आनंद मोहन के बेटे (चेतन आनंद) की स्थिति देखिए, फिर प्रहलाद यादव को देखिए जिन्हें पार्टी ने टिकट तक नहीं दिया, और अब तीसरे अनंत सिंह को देख लीजिए कि आज उनकी क्या हालत हो रही है।" तेजस्वी ने दो टूक अंदाज में कहा कि जो लोग पीठ में छुरा घोंपते हैं, उनका राजनीतिक अंजाम ऐसा ही होता है।


आरजेडी में वापसी की अटकलों को किया पूरी तरह खारिज

जब पत्रकारों ने अनंत सिंह के जनता दल (यूनाइटेड) से निष्कासन के बाद उनकी आरजेडी में वापसी की संभावना को लेकर सवाल पूछा, तो तेजस्वी यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारी तरफ से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है और न ही पार्टी में उनके लिए कोई गुंजाइश है। उन्होंने कहा कि दलविरोधी और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के लिए आरजेडी में कोई जगह नहीं है।


'जेडीयू अब बीजेपी का प्रकोष्ठ बनकर रह गई है'

वर्तमान राजनीतिक हालात पर प्रहार करते हुए तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेडीयू पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हमने पहले ही यह बात कही थी कि ये लोग नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर ज्यादा दिन टिकने नहीं देंगे और हुआ भी वही—महज 100 दिनों के भीतर इन्होंने नीतीश कुमार को कुर्सी से हटा दिया। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि आज जनता दल (यूनाइटेड) पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का एक प्रकोष्ठ (Cell) बनकर रह गई है और जेडीयू की अपनी कोई स्वतंत्र राजनीतिक पहचान नहीं बची है।


रंजन की रिपोर्ट