Bihar Politics:बांकीपुर के रण से पहले महादेव की शरण में तेजस्वी, पहली सोमवारी पर हरिहरनाथ मंदिर में किया रुद्राभिषेक

Bihar Politics:सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सुबह-सुबह भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए ऐतिहासिक हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे।...

बांकीपुर के रण से पहले महादेव की शरण में तेजस्वी- फोटो : reporter

Bihar Politics: पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के नतीजों से पहले बिहार की सियासत में आस्था और राजनीति का दिलचस्प संगम देखने को मिला। सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सुबह-सुबह भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए ऐतिहासिक हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया और दूध अर्पित कर महादेव का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" के जयघोष के बीच तेजस्वी ने प्रदेश की खुशहाली, शांति और जनकल्याण की कामना की।

संयोग ऐसा है कि जिस दिन बांकीपुर उपचुनाव के मतों की गिनती होनी है, उसी दिन सावन की पहली सोमवारी भी है। ऐसे में तेजस्वी यादव की यह पूजा-अर्चना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। बांकीपुर उपचुनाव को बिहार की राजनीति का प्रतिष्ठित मुकाबला माना जा रहा है, जहां हर दल की साख दांव पर लगी हुई है। नतीजों से ठीक पहले तेजस्वी का महादेव के दरबार पहुंचना राजनीतिक संदेशों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

हरिहरनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। हजारों शिवभक्त जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए कतारों में नजर आए। इसी बीच तेजस्वी यादव ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना कर दूध से अभिषेक किया और रुद्राभिषेक में हिस्सा लिया। मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

बांकीपुर सीट पर आज आने वाला जनादेश न केवल बीजेपी, आरजेडी और जन सुराज की राजनीतिक ताकत का आकलन करेगा, बल्कि बिहार की भावी सियासत की दिशा भी तय करेगा। ऐसे में मतगणना से पहले तेजस्वी यादव का महादेव की शरण में पहुंचना चुनावी माहौल के बीच आस्था और राजनीति के मेल की नई तस्वीर बनकर सामने आया है। अब सबकी निगाहें ईवीएम से निकलने वाले जनादेश पर टिकी हैं, जो बांकीपुर की अगली राजनीतिक कहानी लिखेगा।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह