बांकीपुर उपचुनाव: रुझानों के बीच भाजपा ने शुरू की जीत के जश्न की तैयारी, लड्डू बंटना शुरू

बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना एएन कॉलेज परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। मतों की गिनती 14 टेबलों पर 31 राउंड में होगी। प्रत्येक राउंड के बाद निर्वाचन पदाधिकारी आधिकारिक आंकड़े जारी कर रहे हैं, वहीं भाजपा ने लड्डू बांटना शुरू कर दिया है

Bankipur Election Results Live
Bankipur Election Results Live- फोटो : news4nation

Bankipur Election Results Live :  पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों के बीच भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जीत को लेकर उत्साह दिखाना शुरू कर दिया है। आधिकारिक परिणाम आने से पहले ही पार्टी कार्यालय और कार्यकर्ताओं के बीच जश्न की तैयारियां तेज हो गई हैं।


भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जीत की उम्मीद को देखते हुए करीब 200 किलो लड्डू तैयार कराए जा रहे हैं। उनका दावा है कि यदि पार्टी उम्मीदवार की जीत होती है तो पूरे पटना में मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया जाएगा। हालांकि, निर्वाचन आयोग की ओर से अभी अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया है।


उधर, बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना एएन कॉलेज परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। मतों की गिनती 14 टेबलों पर 31 राउंड में की जा रही है। प्रत्येक राउंड के बाद निर्वाचन पदाधिकारी आधिकारिक आंकड़े जारी कर रहे हैं, जिससे मुकाबले की तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होती जा रही है। दोपहर तक रुझान और स्पष्ट होने की संभावना है, जबकि अंतिम परिणाम के बाद बांकीपुर को नया विधायक मिलेगा।


इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के नीरज सिन्हा, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है। करीब 1.30 लाख मतों की गिनती वाले इस चुनाव को केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की मौजूदा राजनीतिक दिशा और प्रमुख दलों की जनस्वीकृति की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।


बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। ऐसे में इस सीट को बरकरार रखना भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। वहीं, पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर की राजनीतिक स्वीकार्यता भी इस चुनाव के नतीजों से आंकी जा रही है। दूसरी ओर, राजद भी बेहतर प्रदर्शन के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश में है।


मतगणना को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्र और उसके आसपास पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पूरे इलाके में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू है और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई है। अब सभी की निगाहें हर राउंड के आधिकारिक नतीजों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि बांकीपुर में भाजपा अपना गढ़ बचा पाएगी या विपक्ष कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल होगा।