‘ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र के हत्यारे और महाचोर’, तेजस्वी का राज्यपाल से मिलकर बड़ा हमला, AK 47 से रोकने की कोशिश

तेजस्वी ने कहा, “AK-47 वाले पुलिस वालों को लगाकर हमें रोकने की कोशिश की गई। पहले छात्रों पर गोली चलाई गई और अब नेताओं के साथ भी उसी तरह का काम करने की कोशिश की गई।”

Tejashwi Yadav - फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना में SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ महागठबंधन के लोकभवन मार्च के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। राज्यपाल से मुलाकात के बाद तेजस्वी ने ज्ञानेश कुमार को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र के खिलाफ साजिश कर रहे हैं और मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया गया है। तेजस्वी ने उन्हें ‘लोकतंत्र का हत्यारा’ और ‘महाचोर’ तक कह दिया। तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल से पहले ही समय लेने के बावजूद प्रदर्शन के दौरान पुलिस के जरिए उन्हें परेशान किया गया और रोकने की कोशिश की गई।


‘AK-47 वाले पुलिसकर्मियों से रोकने की कोशिश’

तेजस्वी ने कहा, “AK-47 वाले पुलिस वालों को लगाकर हमें रोकने की कोशिश की गई। पहले छात्रों पर गोली चलाई गई और अब नेताओं के साथ भी उसी तरह का काम करने की कोशिश की गई।” उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र के खिलाफ किसी भी तरह की साजिश स्वीकार नहीं की जाएगी। तेजस्वी ने कहा कि चाहे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हों या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकतंत्र के खिलाफ उनकी कथित साजिश नहीं चलेगी।


‘ज्ञानेश कुमार तो केवल नमूना हैं’

तेजस्वी यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार उनके निशाने पर जरूर हैं, लेकिन “ज्ञानेश तो केवल नमूना हैं।” उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य नरेंद्र मोदी और अमित शाह को हटाना और भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। 


तेजस्वी ने दावा किया कि देश की जनता अब सब समझ चुकी है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को लेकर कहा कि उनके लिए ऐसा विशेष कानून बनाया गया है, जिसके कारण पद से हटने के बाद भी उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकती। तेजस्वी ने इसकी तुलना राष्ट्रपति के खिलाफ पद छोड़ने के बाद कार्रवाई की व्यवस्था से करते हुए सवाल उठाया।


राहुल गांधी से बातचीत का किया दावा

तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि उन्हें दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन के लिए बुलाया गया है और महागठबंधन के नेता राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे। तेजस्वी ने कहा कि वह “देश के मतदाताओं के खिलाफ साजिश” का आरोप लगाते हुए आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और भाईचारे में विश्वास रखने वाले लोग एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितनी साजिश करे, महागठबंधन के नेता न तो पुलिस की कार्रवाई से डरेंगे और न ही जेल जाने से।

रंजन की रिपोर्ट