तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान, 25 अगस्त को छात्रों के मुख्यमंत्री आवास घेराव को RJD का समर्थन

तेजस्वी ने बिहार सरकार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में सरकार कर्मचारियों को वेतन और पेंशनधारियों को पेंशन देने की स्थिति में भी नहीं रह सकती।

Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 25 अगस्त को छात्रों द्वारा प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल छात्रों के आंदोलन का पूरा समर्थन करेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह खुद 25 अगस्त को छात्रों के साथ सड़क पर उतरेंगे, तो तेजस्वी यादव ने कहा कि इसकी जानकारी समय रहते दे दी जाएगी।


गर्दनीबाग में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों से संवाद करना चाहिए। जब तक बातचीत नहीं होगी, तब तक समस्याओं का समाधान कैसे होगा।


तेजस्वी ने बिहार सरकार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में सरकार कर्मचारियों को वेतन और पेंशनधारियों को पेंशन देने की स्थिति में भी नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार व्याप्त है और सरकार की आर्थिक हालत खराब है।


स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की राशि 4 लाख से घटाकर 2 लाख किए जाने पर तेजस्वी ने कहा कि योजना महागठबंधन सरकार ने सात निश्चय के तहत शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राशि घटाए जाने से स्पष्ट है कि सरकार का खजाना खाली हो चुका है।


तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के प्रत्येक व्यक्ति पर करीब 27 हजार रुपये का कर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आय कम और खर्च ज्यादा है और सरकार उधार के सहारे चल रही है। उन्होंने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई और बढ़ेगी।


राहुल गांधी के पैलेट गन मामले और बिहार में फायरिंग की घटनाओं का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने सवाल उठाया कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। संविदाकर्मियों के एक्सटेंशन और सरकारी व्यवस्था पर भी उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

रंजन की रिपोर्ट