Bihar Politics: 'दबाव में नीतीश कुमार ने छोड़ा पद', तेजस्वी यादव ने फिर किया दावा, कहा- बिहार पर 4 लाख करोड़ का कर्ज
Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार को घेरा है। उन्होंने दावा किया है कि नीतीश कुमार ने दबाव में सीएम पद छोड़ा है। साथ ही उन्होंने दावा किया है कि सरकार पर 4 लाख करोड़ का कर्ज है...
Bihar Politics: बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में सम्राट सरकार ने फ्लोर टेस्ट पास कर लिया है। जिसके बाद सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। सदन की कार्यवाही के दौरान पक्ष विपक्ष में जबरदस्त बयानबाजी हुई। वहीं सदन से बाहर निकलते ही तेजस्वी यादव ने एक बार फिर सम्राट सरकार पर जबरदस्त हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि 5 साल में 5 सरकार बनेगी तो काम कब होगा।
कर्ज की बोझ तले दबा बिहार
उन्होंने राज्य की आर्थिक स्थिति, नेतृत्व और राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि हर सरकार कर्ज लेती है, लेकिन बिहार पर कर्ज का बोझ बढ़कर करीब 4 लाख करोड़ रुपये हो गया है। प्रति व्यक्ति करीब 27 हजार रुपये का कर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के खजाने की स्थिति ठीक नहीं है, कई लोगों को पेंशन और वेतन तक नहीं मिल पा रहा ।
5 साल में 5 सरकार
तेजस्वी ने राजनीतिक अस्थिरता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि, पांच साल में पांच सरकारें बनना गंभीर विषय है। इस साल का करीब 40 प्रतिशत समय सरकार बनाने और गिराने में चला गया, तो काम कब हुआ? मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि उनका नेतृत्व कितना शिक्षित है और उनके खिलाफ कितने मामले दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार इन सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं दे रही।
दबाव में नीतीश कुमार ने छोड़ा पद
साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दबाव में पद छोड़ना पड़ा। अगर उन्हें जाना होता तो वे खुद ऐलान करते, लेकिन बीजेपी ने दबाव बनाकर उन्हें हटाया। तेजस्वी यादव ने सत्ता पक्ष के कई नेताओं की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर भी सवाल उठाए और कहा कि “कौन किस पार्टी से आया है, यह सबको पता है, लेकिन अब सिद्धांतों की बात नहीं हो रही।
पटना से रंजन की रिपोर्ट