बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे मोदी सरकार, तेजस्वी यादव ने माँगा विशेष पैकेज

तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हालात काफी खराब हैं और कई जगहों पर लोगों तक जरूरी राहत सामग्री नहीं पहुंच पा रही है। केंद्र सरकार से बिहार के लिए विशेष पैकेज देने की भी मांग की।

Tejashwi Yadav on Bihar Flood- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में बाढ़ के बिगड़ते हालात के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की है। तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि भारत सरकार की एक टीम तत्काल बिहार भेजी जाए और बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर जमीनी स्थिति का आकलन किया जाए।


तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हालात काफी खराब हैं और कई जगहों पर लोगों तक जरूरी राहत सामग्री नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जरूरत पड़ने पर भारतीय वायुसेना के माध्यम से बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाने के पैकेट गिराकर लोगों तक भोजन पहुंचाया जाए।


'बाढ़ प्रबंधन में पूरी तरह फेल है सरकार'

तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में बाढ़ की स्थिति खराब होने के बावजूद राहत और बचाव के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। उनके मुताबिक, लोगों को समय पर खाना और राहत सामग्री नहीं मिल रही है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी सरकार बाढ़ के मैनेजमेंट में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाना चाहिए।


केंद्र से विशेष पैकेज की मांग

तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से बिहार के लिए विशेष पैकेज देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता की जरूरत है और केंद्र को बिहार की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त मदद उपलब्ध करानी चाहिए। महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आज महंगाई आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि महंगाई 'डायन' बन गई है, लेकिन केंद्र सरकार को यह दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में चुनाव होता तो प्रधानमंत्री अब तक बिहार का दौरा कर चुके होते।


चिराग पासवान के CM बनने के दावे पर भी कसा तंज

चिराग पासवान की पार्टी की ओर से 2030 में उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, जीतन राम मांझी भी मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं और बीजेपी में भी कई लोग मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखते हैं। जेडीयू में भी ऐसे लोग हैं जो मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं।


रंजन की रिपोर्ट