Bihar News : राजद में सियासी भूचाल ! तेजस्वी ने जिला, प्रखंड और पंचायत इकाईयों को तत्काल प्रभाव से किया भंग, नई टीम का जल्द होगा ऐलान

Bihar News :

PATNA : राष्ट्रीय जनता दल ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के उद्देश्य से एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से हुए परामर्श के आलोक में राजद बिहार की सभी स्तरों की सांगठनिक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेश कार्यालय से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।

सभी प्रकोष्ठ और इकाइयां भंग

राजद बिहार के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पार्टी के पूर्व में निर्गत आदेश (पत्रांक 101, दिनांक 22.01.2025) को निरस्त कर दिया गया है। इसके तहत राज्य के सभी जिला स्तरों, प्रखंड स्तरों और पंचायत स्तरों की सांगठनिक इकाइयों के साथ-साथ पार्टी के सभी प्रकोष्ठों और अन्य संबद्ध इकाइयों को तत्काल प्रभाव से निरस्त व भंग कर दिया गया है।

शीघ्र होगा नई समितियों का पुनर्गठन

आधिकारिक पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि पार्टी संगठन को चुस्त-दुरुस्त और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के सभी स्तरों की स्थानापन्न समितियों के पुनर्गठन की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। इस फैसले के बाद से ही पार्टी के भीतर नए सिरे से जिम्मेदारियां तय किए जाने को लेकर हलचल तेज हो गई है।

बांकीपुर घटनाक्रम के बाद बड़ा एक्शन

बांकीपुर उपचुनाव के बाद राजद नेतृत्व द्वारा उठाए गए इस बड़े कदम को चुनावी राजनीति और सांगठनिक समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ को और अधिक धारदार बनाने तथा युवाओं व समर्पित कार्यकर्ताओं को नए सिरे से स्थान देने के लिए यह कड़ा फैसला लिया गया है।

प्रदेश प्रधान महासचिव ने जारी की प्रतिलिपि

इस सांगठनिक आदेश की प्रतिलिपि राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक सूचनार्थ व कार्यार्थ प्रेषित कर दी गई है। राजद के इस बड़े फैसले से राज्य भर के पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की नजरें अब पुनर्गठन की नई सूची पर टिक गई हैं।

रंजन की रिपोर्ट