तेजस्वी यादव का सरकरा पर बड़ा हमला : 15 मिनट के ब्लैकआउट में हत्या, अपराधियों को सरकार का संरक्षण

Bihar Politics : बीते गुरुवार को ब्लैक आउट के दौरान पटना मे एक व्यवसायी की हत्या कर दी गई, इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने सम्राट सरकार पर हमला बोला है। तेजस्वी ने सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है.....

तेजस्वी यादव का सरकरा पर बड़ा हमला- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना में ब्लैकआउट के दौरान एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि राजधानी में महज 15 मिनट के लिए बिजली क्या कटी, अपराधियों ने इतनी देर में ही एक हत्या को अंजाम दे दिया। तेजस्वी के अनुसार, यह घटना दर्शाती है कि बिहार में अब आम जनता नहीं, बल्कि अपराधियों का बोलबाला है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।


बिहार में अपराधियों को सरकार का संरक्षण

कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराधियों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाएं केवल पटना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बिहार के अलग-अलग हिस्सों से लगातार ऐसी खबरें आ रही हैं। तेजस्वी ने सरकार की विफलता पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखकर लगता है कि सत्ता में बैठे लोग अपराधियों के सामने आत्मसमर्पण कर चुके हैं।


चुनाव खत्म होते ही बढ़ी महंगाई

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने पहले ही जनता को सचेत किया था कि चुनाव खत्म होते ही महंगाई का झटका लगेगा। उन्होंने कहा, "जैसे ही चुनाव समाप्त हुए, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए। अब सब कुछ महंगा हो जाएगा। कुछ दिन और रुकिए, महंगाई इतनी बेतहाशा बढ़ेगी कि आम आदमी का जीना मुहाल हो जाएगा।" उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि यह शासन आम लोगों का खून चूस रहा है और महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह अक्षम साबित हुआ है।


चौतरफा मार झेल रही जनता

तेजस्वी ने आगे कहा कि बिहार की जनता आज चौतरफा मार झेल रही है। एक तरफ महंगाई और बेरोजगारी है, तो दूसरी तरफ नीट (NEET) पेपर लीक और बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने लोगों को परेशान कर रखा है। उन्होंने शिक्षक बहाली (TRE-4) के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठियां बरसा रही है। तेजस्वी के अनुसार, सरकार केवल चुनावी जुमलेबाजी और झूठी घोषणाएं करने में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकल रहा है।


विदेश दौरे से जनता का भला नही

अंत में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मोदी जी जितना झूठ बोलते हैं और लोगों को ठगने का काम करते हैं, वैसा शायद ही किसी ने पहले किया हो। उन्होंने कहा कि विदेश दौरों से जनता का भला नहीं होने वाला जब तक कि देश के भीतर की बुनियादी समस्याएं अनसुलझी रहेंगी। तेजस्वी यादव के इन बयानों ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में सदन से लेकर सड़क तक इस पर हंगामा होने के आसार हैं।


अभिजीत की रिपोर्ट