Vikramshila Setu collapse: आगाह किया था,नहीं सुनी सरकार...तेजस्वी यादव का बड़ा हमला—भ्रष्टाचार की गंगा में समाया पुल

Vikramshila Setu collapse: भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु के बड़े हिस्से के धराशायी होने के बाद अब सियासत भी गरमा गई है।...

'भ्रष्टाचार की गंगा में समाया पुल'- फोटो : reporter

Vikramshila Setu collapse:  भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु के बड़े हिस्से के धराशायी होने के बाद अब सियासत भी गरमा गई है। इस मुद्दे पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए इसे भ्रष्टाचार का जीता-जागता सबूत करार दिया है।

अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले ही सरकार को आगाह किया था कि पुल कभी भी गिर सकता है, लेकिन सरकार ने इस चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि “अब भ्रष्ट NDA सरकार के सौजन्य से भागलपुर में विक्रमशिला पुल ने गंगा नदी में समाधि ले ली।”

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी “भ्रष्ट व्यवस्था” को बचाने में लगी रही और समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस समय पुल का स्लैब गिरा, उस वक्त कई वाहन पुल पर मौजूद थे, लेकिन यह सौभाग्य रहा कि वे गिरने वाले हिस्से पर नहीं थे, वरना बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था।

उन्होंने पिछले दो वर्षों का हवाला देते हुए दावा किया कि बिहार में 100 से अधिक पुल-पुलिया ढह चुके हैं, जो राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।विक्रमशिला सेतु का एक बड़ा हिस्सा रविवार देर रात अचानक गिर गया, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा संपर्क पूरी तरह टूट गया। करीब 4.7 किलोमीटर लंबे इस पुल का निर्माण 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के कार्यकाल में हुआ था और यह रोजाना लाखों लोगों के आवागमन का प्रमुख जरिया था।

फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है, लेकिन इस हादसे ने जहां आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं अब यह मुद्दा राजनीतिक घमासान का केंद्र बन गया है।