कागजी है शराबबंदी, जेल जा रहे सिर्फ गरीब : तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार की नीति को बताया दलित विरोधी
पटना के मिलर स्कूल ग्राउंड में संत रविदास जयंती के मौके पर तेजस्वी यादव ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरक्षण, शराबबंदी और बेरोजगारी को लेकर नीतीश सरकार को घेरा और इसे गरीबों को उजाड़ने वाली सरकार बताया।
Patna - पटना के मिलर स्कूल ग्राउंड में आयोजित संत रविदास जयंती समारोह में पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला और दलित व पिछड़ा समाज के प्रति सरकारी उपेक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान शासन व्यवस्था 'अमीरों की सरकार' है, जिसे गरीबों के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं है।
संत रविदास की विचारधारा और लालू यादव का संकल्प
तेजस्वी यादव ने कहा कि संत रविदास जी की विचारधारा ही राजद और लालू प्रसाद यादव की असली शक्ति है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज से भेदभाव, ऊंच-नीच और छुआछूत को समाप्त कर सबको समान अधिकार और मान-सम्मान दिलाना ही उनकी राजनीति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे संत रविदास और डॉ. अंबेडकर के संघर्षों को पढ़ें और उनके बताए मार्ग पर चलकर अपने अधिकारों की रक्षा करें।
आरक्षण और संविधान पर मंडराता खतरा
राजद नेता ने केंद्र और राज्य सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार के दौरान उन्होंने आरक्षण को 65% तक बढ़ाया था, लेकिन 'बेईमान' ताकतों ने इसे खत्म करने का प्रयास किया। तेजस्वी ने चेतावनी दी कि अगर बाबा साहब का संविधान खत्म हुआ, तो आम आदमी से वोट देने का अधिकार भी छिन जाएगा। उन्होंने वर्तमान शासन को 'धनतंत्र' करार देते हुए कहा कि ये लोग केवल सत्ता के भूखे हैं।
शराबबंदी और दलितों का उत्पीड़न
शराबबंदी कानून पर प्रहार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह कानून केवल कागजों पर सीमित है। हकीकत में पूरे बिहार में धड़ल्ले से शराब बिक रही है, लेकिन पुलिस की लाठियों और जेल की सलाखों का शिकार केवल दलित और पिछड़ा समाज का गरीब व्यक्ति हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून की आड़ में गरीबों का उत्पीड़न बढ़ गया है और असली माफिया खुलेआम घूम रहे हैं।
भ्रष्टाचार और बेरोजगारी की मार
तेजस्वी ने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज ब्लॉक और थाना स्तर पर बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता। उन्होंने अपने 17 महीनों के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय उन्होंने 5 लाख सरकारी नौकरियां दी थीं और 2 लाख शिक्षकों की बहाली कराई थी। लेकिन अब फिर से नियुक्तियों में धांधली और पेपर लीक का खेल शुरू हो गया है, जिससे योग्य युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है।
गरीबों को उजाड़ने वाली सरकार
तेजस्वी यादव ने भावुक होते हुए कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों को बसाने के बजाय उनके आशियाने उजाड़ने का काम कर रही है। सड़क किनारे ठेला लगाने वाले, मछली और सब्जी बेचने वाले छोटे दुकानदारों को प्रशासन द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि बिहार की जनता अब जागरूक हो चुकी है और इस 'ठग' सरकार को समय आने पर करारा जवाब देगी।
रिपोर्ट - रंजन कुमार