Bihar News : दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन में शामिल होंगे तेजस्वी यादव, कहा– महिलाओं और प्रदर्शनकारियों को पीट रहे RSS के गुंडे

Bihar News : तेजस्वी यादव ने कहा की देश में तानाशाही का माहौल बनाया जा रहा है और एक व्यक्ति को बचाने के लिए पूरी दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है।

दिल्ली रवाना हुए तेजस्वी - फोटो : RANJAN

PATNA : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां वे इंडिया ब्लॉक (INDIA Block) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। रवाना होने से पहले पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में तानाशाही का माहौल बनाया जा रहा है और एक व्यक्ति को बचाने के लिए पूरी दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है।   

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि आरएसएस के गुंडे पुलिस के सहयोग से महिलाओं और प्रदर्शनकारियों पर अत्याचार कर रहे हैं और उन्हें पीट रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो अंग्रेजों के समय अंग्रेजों की चाटुकारिता करते थे और आज पूरी तरह से देश के लोकतंत्र को कुचलने और देशद्रोह जैसे हालात पैदा करने में लगे हैं। उन्होंने आगे कहा कि चाहे कितनी भी ट्रेनें, प्लेन, मेट्रो या सड़कें बंद कर दी जाएं, जब देश की जनता जाग जाती है और एक हो जाती है, तो उसे दबाने वाला कोई नहीं बचता। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए देश के नागरिकों को अपनी आवाज उठानी होगी और इसके लिए जो भी कुर्बानी देनी पड़ेगी, जनता पीछे नहीं हटेगी।  

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है, यहाँ तक कि पत्रकारों को भी नहीं छोड़ा जा रहा है और कोर्ट-कचहरी में भी मामले चल रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब दिल्ली पुलिस भी कम पड़ जाती है, तो आरएसएस के गुंडों को मैदान में उतार दिया जाता है, जिससे साफ पता चलता है कि ये लोग कितने डरे हुए हैं।   

उन्होंने सभी देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि आज समय आ गया है कि देश का हर नागरिक सड़कों पर उतरकर अपने संविधान और लोकतंत्र को बचाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे और उनका दल अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा से करेंगे और तानाशाही ताकतों के खिलाफ इस लड़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।