बाढ़ रेड क्रॉस सोसायटी ने मनाई डॉ. श्रीकांत जिचकर की 73वीं जयंती, 100 से अधिक मरीजों का हुआ मुफ्त नेत्र परीक्षण

बाढ़ रेड क्रॉस सोसायटी ने मनाई डॉ. श्रीकांत जिचकर की जयंती- फोटो : रवि शंकर

Patna : इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की उपजिला शाखा, बाढ़ द्वारा कोर्ट एरिया स्थित कार्यालय परिसर में बहुमुखी प्रतिभा और बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी डॉ. श्रीकांत जिचकर की 73वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। जयंती समारोह के साथ-साथ आम जनता के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया।


गिनीज बुक में दर्ज नाम, बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे डॉ. जिचकर 

सोसायटी के चेयरमैन विनय कुमार ने डॉ. जिचकर की अद्भुत प्रतिभा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे अपने आप में एक संपूर्ण संस्थान थे। उन्होंने आईएएस, आईपीएस, एमबीबीएस, एमडी, लॉ तथा कई विषयों में स्नातकोत्तर (PG) और डॉक्टरेट की उपाधियां प्राप्त की थीं, जिसके कारण उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ। वे राज्यसभा सांसद, महाराष्ट्र सरकार में विभिन्न विभागों के मंत्री, विधायक और विधान पार्षद रहने के अलावा अनेक सामाजिक संस्थाओं के सूत्रधार रहे।


निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में बांटे गए चश्मे और दवाइयां 

जयंती के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता शिविर के दौरान सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी गई। शिविर में पहुंचे 100 से अधिक मरीजों का विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया। आंखों की जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क दवाइयों और चश्मों का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को आंखों की सुरक्षा और नियमित देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।


साहित्यकारों और पदाधिकारियों की रही सक्रिय भूमिका 

इस गरिमामय कार्यक्रम का सफल संचालन इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के आजीवन सदस्य, वरिष्ठ साहित्यकार सह समाजसेवी हेमंत कुमार ने किया। उन्होंने डॉ. जिचकर की शैक्षणिक व प्रशासनिक उपलब्धियों को आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के समापन पर सोसायटी के कोषाध्यक्ष डॉ. डी.बी. सिंह ने उपस्थित डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और सभी गणमान्य अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


पत्रकारों और समाजसेवियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि 

इस मौके पर युवा समाजसेवी राजीव सिंह सहित बाढ़ अनुमंडल के दर्जनों पत्रकार बंधु और स्थानीय नागरिक प्रमुखता से मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने डॉ. जिचकर के अद्वितीय जीवन-मूल्यों और जनसेवा के प्रति उनके योगदान को याद किया। सभी वक्ताओं ने कहा कि देश के सबसे शिक्षित और योग्य व्यक्तित्व डॉ. श्रीकांत जिचकर के पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


रवि शंकर की रिपोर्ट