25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में मनेगी ‘बिहार केसरी’ श्रीकृष्ण सिंह की जयंती, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी होंगे शामिल

बिहार प्रदेश कांग्रेस द्वारा पटना के बापू सभागार में 25 अक्टूबर को बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे....

श्री बाबू की जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे- फोटो : रिपोर्टर

Patna : कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी 25 अक्टूबर को होने वाले बड़े राजनीतिक और सामाजिक आयोजन की जानकारी दी है। 


दोनो नेताओं ने बताया कि आधुनिक बिहार के निर्माता और प्रथम मुख्यमंत्री 'बिहार केसरी' स्व. डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती का मुख्य राज्य-स्तरीय समारोह पटना के बापू सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में श्री बाबू के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया जाएगा। 


निजी विमान से पटना पहुंचेंगे मल्लिकार्जुन खड़गे

नेताओं ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने विशेष रूप से पटना आ रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 25 अक्टूबर को पूर्वाहन 11:00 बजे प्राइवेट जेट से पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह का माहौल है। हवाई अड्डे से वे सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। 


श्रीकृष्ण सिंह के सामाजिक और ऐतिहासिक योगदान को किया गया याद

प्रेसवार्ता के दौरान नेताओं ने बताया कि श्री बाबू का जीवन समाज के दबे-कुचलों, शोषितों और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित था। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के साथ-साथ स्वतंत्र भारत में जमींदारी प्रथा के उन्मूलन और समाज में सामाजिक समानता स्थापित करने में अभूतपूर्व भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, ऐतिहासिक देवघर मंदिर में दलितों के प्रवेश से जुड़े उनके साहसिक और क्रांतिकारी कदम को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया। 


विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प और भारी संख्या में जुटने की अपील 

बिहार कांग्रेस ने यह संकल्प लिया है कि 'श्री बाबू' के विचारों, आदर्शों और उनकी राजनीतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने राज्यभर के नागरिकों, प्रबुद्ध जनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक समारोह में भारी संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। 


नरोत्तम की रिपोर्ट