राजद प्रत्याशी के घर एसटीएफ के पहुंचने पर भड़के तेजस्वी यादव : कहा-हार के डर से बौखला गया है सत्ता पक्ष, इस बार कोई दाल गलने वाली नहीं है

बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के दौरान राजद उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार के आवास पर पुलिस के पहुंचने पर तेजस्वी यादव ने सत्ता पक्ष पर हमला बोलते हुए वोट चोर करार दिया है। कहा है कि सत्ता पक्ष कुछ भी कर ले, लेकिन इसबार सभी 8 सीट पर उनकी हार तय है....

राजद प्रत्याशी के घर एसटीएफ के पहुंचने पर भड़के तेजस्वी यादव
सत्ता पक्ष पर भड़के तेजस्वी- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान से ठीक पहले, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद (RJD) उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार के आवास पर भारी पुलिस बल के पहुंचने से सियासी हड़कंप मच गया। देर रात करीब 7 गाड़ियों के काफिले के साथ पुलिस और प्रशासनिक टीम के पहुंचने पर वहां जोरदार हंगामा हुआ। डॉ. संजीव कुमार ने बिना सर्च वारंट के घर पर कार्रवाई करने और चुनाव से ठीक पहले परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया। 


तेजस्वी यादव का सरकार पर तीखा हमला 

इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मतदान से ठीक पहले विपक्ष के उम्मीदवारों को डराने और हताश करने की असफल कोशिश की जा रही है। 


"इस बार कोई दाल गलने वाली नहीं है"

तेजस्वी यादव ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि प्रशासन का यह हथकंडा इस बार कामयाब नहीं होने वाला है। उन्होंने दावा किया कि इस बार न तो कोई फर्जीवाड़ा टिकेगा और न ही मशीनरी या तंत्र का दुरुपयोग सफल होगा। 


फर्जी वोटिंग करवाने की हो रही कोशिश

उन्होंने कहा कि यह सरकार वोट चोर सरकार है। तेजस्वी ने फुलवारी शरीफ समेत अन्य इलाकों का हवाला देते हुए कहा कि कई जगहों पर फर्जी वोटिंग करवाने की कोशिश की जा रही है लेकिन जनता और कार्यकर्ता पूरी तरह सतर्क हैं और इस बार इनकी कोई दाल गलने वाली नहीं है। 


रंजन की रिपोर्ट