Bihar News : सेल डीड के बाद भी बिल्डर-खरीदार का उपभोक्ता संबंध बरकरार, पटना हाईकोर्ट ने बिल्डर को 9% ब्याज के साथ राशि लौटाने का दिया आदेश
Bihar News : पटना हाईकोर्ट ने उपभोक्ता के हित में एक अहम फैसला सुनाते हुए कहा है कि सेल डीड हो जाने से बिल्डर और खरीदार के बीच उपभोक्ता संबंध समाप्त नहीं हो जाता।
PATNA : पटना हाईकोर्ट ने उपभोक्ता के पक्ष में एक बड़ा निर्णय सुनाते हुए कहा है कि सेल डीड हो जाने से बिल्डर-खरीदार का उपभोक्ता संबंध खत्म नहीं हो जाता। कोर्ट ने कहा कि शांतिपूर्ण कब्जा न देना सेवा में कमी है। जस्टिस आलोक कुमार की एकलपीठ ने डॉ अभय कुमार एवं अन्य की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई के बाद यह आदेश दिया। याचिकाकर्ताओं ने पटना के कंकरबाग स्थित वृंदावन अपार्टमेंट फेज-II का फ्लैट नं. 501-ए को 3 अकटुबर 2012 को 42.71 लाख में खरीदा। कोर्ट को बताया गया कि 28.40 लाख का बैंक लोन लिया गया था। उनका कहना था कि बिल्डर ने पहले ही 5 मार्च ,2011 को उसी फ्लैट का एग्रीमेंट एक अन्य व्यक्ति अंजनी कुमार सिन्हा से कर रखा था और यह बात छिपाकर दूसरे से बेच दिया।
उन्होंने कोर्ट को बताया कि राज्य उपभोक्ता संरक्षण ने 24 मई, 2016 को फ्लैट का कब्जा देने का आदेश दिया, लेकिन रिफंड/हर्जाने पर विचार नहीं किया। जिसे राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण में चुनौती दी गई। राष्ट्रीय उपभोक्ता फोरम ने 31 जनवरी, 2024 को शिकायत ही खारिज कर दी कि सेल डीड के बाद उपभोक्ता संबंध खत्म हो गया और मामला सिविल कोर्ट का है। हाईकोर्ट में दायर अर्जी के क्षेत्राधिकार पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय उपभोक्ता फोरम दिल्ली में है, इसलिए दिल्ली हाईकोर्ट में ही केस दर्ज किया जा सकता है। पटना हाईकोर्ट में केस दाखिल नहीं हो सकता।
कोर्ट ने इस दलील को नामंजूर करते हुए कहा कि वाद कारण जहां उत्पन्न हुआ वहां के हाईकोर्ट को सुनवाई करने का अधिकार है। फ्लैट पटना में हैं। शिकायत पटना में की गई। ऐसे में पटना हाईकोर्ट को केस सुनने का अधिकार है। कोर्ट ने कहा कि फ्लैट का कब्जा मिलने या सेल डीड होने से हर्जाने का दावा खत्म नहीं होता। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता ने उपभोक्ता फोरम में केवल रिफंड बढ़ाने की अपील की थी, बिल्डर ने उपभोक्ता फोरम के कब्जे वाले आदेश को चुनौती नहीं दी थी। फिर भी राष्ट्रीय उपभोक्ता फोरम ने पूरी शिकायत रद्द कर दी। कोर्ट ने कहा कि अपीलकर्ता को अपील में मिली राहत को छीना नहीं जा सकता।
कोर्ट ने राष्ट्रीय उपभोक्ता फोरम के आदेश को रद्द करते हुए बिल्डर को 3 महीने के भीतर पूरी सेल कंसीडरेशन पैसा 9 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ लौटाने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता को रिफंड में मिली पैसा में से बैंक लोन वापस करें और उसके बाद फ्लैट पर उनका कोई हक नहीं रहेगा। कोर्ट ने बिल्डर को सक्षम कोर्ट से सेल डीड कैंसिल कराने की पूरी छूट दी है।