Bihar Budget Session: 'विपक्ष के सभी सदस्यों को मैं बाहर जाने का आदेश देता हूं', सभापति ने विधान परिषद से विपक्ष को निकाला, राबड़ी देवी से हुई झड़प

Bihar Budget Session: बिहार विधान परिषद में भारी बवाल देखने को मिल रहा है। सदन में विपक्ष के जबरदस्त हंगामे के बाद सभापति ने विपक्ष के सभी सदस्यों को बाहर निकलने का आदेश दे दिया। राबड़ी देवी के साथ झड़प होती दिखी।

सभापति ने विपक्ष को बाहर निकाला !- फोटो : social media

Bihar Budget Session: बिहार विधान परिषद में भारी बवाल देखने को मिल रहा है। विपक्ष लगातार सदन में हंगामा कर रहे थे। जिसके बाद सभापति ने सभी सदस्यों को परिषद से बाहर निकाल दिया। सभापति ने स्पष्ट कहा कि प्रश्नकाल को बाधित नहीं किया जा सकता और सदन की कार्यवाही में व्यवधान न डाला जाए, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष के सदस्य बेल तक पहुंचकर नारेबाजी और हंगामा करते रहे।

पूरे दिन के लिए सभापति ने सदन से निकाला 

राजद के सदस्य भी लगातार नारे लगाते हुए बेल में डटे रहे। स्थिति बिगड़ती देख सभापति ने कड़ी कार्रवाई करते हुए विपक्षी सदस्यों को पूरे दिन के लिए सदन से बाहर रहने का आदेश दे दिया। इसके बाद राबड़ी देवी भी सदन से बाहर निकल गईं, जबकि बाहर भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। सभापति ने कहा कि मैं पूरे विपक्ष को पूरे दिन के लिए सदन से बाहर जाने का आदेश देता हूं। जिसके बाद राबड़ी देवी ने कहा कि नहीं जाएंगे...इस दौरान सभापति और राबड़ी देवी में भी नोकझोंक हुई। सभापति ने कहा कि, सदन कार्यवाही करने के लिए है या भी हल्ला करने के लिए है। 

सदन का माहौल तनावपूर्ण

इस दौरान राजद सदस्यों और मंत्री अशोक चौधरी के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात को काबू में करने के लिए मार्शल बुलाए गए, जिन्होंने बीच-बचाव करते हुए सदस्यों को अलग किया। सुनील सिंह और मंत्री अशोक चौधरी के बीच भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मार्शलों ने विपक्षी सदस्यों को हटाने की कोशिश की, जिस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

सदन में भारी बवाल 

बताया जाता है कि अशोक चौधरी गुस्से में दिखाई दिए और इशारा करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। वहीं विपक्ष के नेता भी आक्रोशित नजर आए। सभापति ने मार्शलों को निर्देश दिया कि हंगामा कर रहे सदस्यों को बाहर ले जाया जाए। आरोप है कि इस दौरान अशोक चौधरी ने सुनील सिंह से कहा, “तुम्हारी औकात क्या है”, जिस पर सुनील सिंह ने जवाब देते हुए उन्हें “नौटंकीबाज” तक कह दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान सदन में भारी शोर-शराबा और हंगामे का माहौल बना रहा।

पटना से वंदना की रिपोर्ट