Bihar News : लालू प्रसाद के जन्मदिन पर 'हीरे के कंगन' का विवाद गहराया, HAM ने राजद पर किया तीखा हमला

Bihar News : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने कहा की राजद के एक टोपी पहनने वाले नेता दूसरों को भी टोपी पहनाने लगे.....पढ़िए आगे

राजद पर हमला - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन समारोह में भोजपुरी गायक छोटू छलिया को दिए गए कंगन का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले को लेकर सियासी गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राष्ट्रीय जनता दल और लालू परिवार पर जोरदार हमला बोला है।

"बिहार की जनता को बुड़बक समझ रहे हैं नेताजी"

श्याम सुंदर शरण ने राजद नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि राजद के एक टोपी पहनने वाले नेता अब दूसरों को भी टोपी पहनाने में जुट गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस कंगन को खुद गायक छोटू छलिया ने हीरे का बताया है, उसे राजद के नेता 'आर्टिफिशियल' साबित करने पर तुले हुए हैं। प्रवक्ता ने कहा कि राजद नेता बिहार की जनता को इतना बुड़बक समझ रहे हैं कि सरेआम दिख रही चीज़ को भी झुठला रहे हैं।

ईडी और सीबीआई के डर से सच छुपाने का आरोप

हाम प्रवक्ता ने दावा किया कि राजद नेताओं को इस बात को स्वीकार करने में प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो का डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि राजद को डर है कि अगर उन्होंने यह मान लिया कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने हाथ से कीमती हीरे का कंगन निकालकर गायक को इनाम के रूप में दिया है, तो लालू परिवार पर एक बार फिर से नया कानूनी संकट खड़ा हो जाएगा। इसी डर की वजह से इस तोहफे को नकली बताया जा रहा है।

"कम से कम राजमाता की इज्जत का तो ख्याल करते सुनील बाबू"

राजद नेता सुनील सिंह पर सीधा निशाना साधते हुए श्याम सुंदर शरण ने कहा कि यह सबको पता है कि घोटालों के आरोपी इस परिवार के पास इतनी अकूत संपत्ति और पैसे किस तरह से आए हैं। उन्होंने कहा कि कम से कम सबके सामने दिए गए हीरे के कंगन को तो आर्टिफिशियल मत बताइए। राजद नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि कम से कम अपनी तथाकथित राजमाता और राजपरिवार की इज्जत का तो ख्याल कर लेते सुनील बाबू।

'ठगा-ठगी' की आदत पर उठाया सवाल

अपने बयान में हम प्रवक्ता ने लालू परिवार के पुराने इतिहास पर कटाक्ष किया। उन्होंने पूछा कि क्या आखिरी समय में भी इन लोगों की ठगा-ठगी वाली पुरानी आदत नहीं गई है, इसे भी साफ कर देना चाहिए। उन्होंने एक पुराने राजनीतिक नारे को दोहराते हुए कहा कि हम लोग शुरू से सुनते आए हैं कि—"ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको लालू परिवार ने ठगा नहीं।" इस विवाद ने अब बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ ले लिया है।