महंगाई और बेरोजगारी पर युवा कांग्रेस का हल्लाबोल: शहर में निकाला विरोध जुलूस, केंद्र व राज्य सरकार का पुतला फूंका

बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने सुपौल की सड़कों पर उतरकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला.....

महंगाई और बेरोजगारी पर युवा कांग्रेस का हल्लाबोल: शहर में नि
महंगाई और बेरोजगारी पर युवा कांग्रेस का हल्लाबोल- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बढ़ती महंगाई, बेकाबू बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ शुक्रवार को सुपौल में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में यह आंदोलन आयोजित किया गया। कांग्रेस जिला कार्यालय से शुरू हुआ यह आक्रोश मार्च शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और चौराहों से गुजरते हुए महावीर चौक पहुंचा। जुलूस में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।


महावीर चौक पर फूंका पीएम मोदी और सीएम सम्राट का पुतला

आक्रोश मार्च के महावीर चौक पर पहुंचने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान सरकार विरोधी नारों से पूरा चौक गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने साफ तौर पर कहा कि आज देश और राज्य की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। इस प्रदर्शन के जरिए युवाओं ने भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा देने, महिलाओं को चुनावी वादे के मुताबिक ₹2 लाख की सहायता राशि उपलब्ध कराने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने की जोरदार मांग उठाई।


युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हर साल रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे करने वाली सरकार के राज में आज बेरोजगारी ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच चुकी है। देश में आए दिन हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की साख खत्म कर दी है, जिससे दिन-रात मेहनत करने वाले गरीब और मध्यम वर्ग के छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ सरेआम खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज भ्रष्टाचार के कारण आम आदमी का सरकारी दफ्तरों में जीना मुहाल हो गया है।


राज्य सरकार के अधूरे वादों को घेरा

लक्ष्मण कुमार झा ने बिहार सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार केवल कागजों पर घोषणाएं करना जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमिहीनों को जमीन का पर्चा देने का वादा आज भी अधूरा है और बड़ी संख्या में गरीब परिवार अपने हक से वंचित हैं। इसके साथ ही महिलाओं को आर्थिक सहायता के रूप में ₹2 लाख देने का चुनावी वादा सरकार बनने के बाद भुला दिया गया। उन्होंने राज्य की बदहाल प्रशासनिक व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि बुजुर्गों और लाचार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान के लिए भी महीनों इंतजार करना पड़ रहा है।


बिहार के लिए विशेष पैकेज की मांग

युवा कांग्रेस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के बजाय जनता की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान दे। उन्होंने बिहार के समग्र विकास और कंगाली से उबारने के लिए केंद्र सरकार से तत्काल 'विशेष पैकेज' देने की मांग की। इस बड़े प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के जिला स्तरीय नेताओं सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से रमेश मलिक, रमन वर्मा, एमडी जाती, उमेश मलिक, रोशन कुमार, सूरज यादव, चित्र पासवान, संजीत सदा, मिश्रीलाल महतो, अनिता कुमारी और सविता देवी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट