Bihar News : पटना में 'शकीरा फूड प्रोडक्ट' फैक्ट्री पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने मारा छापा, भारी मात्रा में मिलावटी मसाले किये गए जब्त

Bihar News : पटना में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की बड़ी रेड पटना के पटना सिटी मरचा मरची रोड में स्थित शकीरा फूड प्रोडक्ट फैक्ट्री में छापेमारी की गई। जहाँ 25 लाख का मसाला जब्त किया गया......पढ़िए आगे

मिलावटी मसालें जब्त - फोटो : RAJNISH

PATNA : पटनासिटी स्थित मारचा-मर्ची रोड में 'शकीरा फूड प्रोडक्ट' फैक्ट्री पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने बड़ी छापेमारी की है। यहाँ 'शकीरा मसाला' ब्रांड के नाम से बड़े पैमाने पर मसालों का निर्माण किया जा रहा था, जो खाने के बिल्कुल लायक नहीं थे। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि हल्दी और मिर्च पाउडर में खाने के बजाय फैक्ट्री में उपयोग होने वाला खतरनाक केमिकल रंग मिलाया जा रहा था। इसके अलावा गोल मिर्च और धनिया में चावल और धान के भूसे का चोकर मिलाकर उन्हें रंगा जा रहा था।

फैक्ट्री के अंदर भारी गंदगी और मिलावट के लिए रखे गए सामानों को देखकर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों के भी होश उड़ गए, क्योंकि यह ब्रांड बिहार के विभिन्न हिस्सों में अपने उत्पादों की सप्लाई करता है। 

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मसाले के कई सैंपल जांच के लिए सुरक्षित रख लिए हैं और मौके पर मिले तमाम मिलावटी मसालों व सामग्री को सील कर दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में सामने आया कि मसालों को रंगने के लिए जिस रंग का इस्तेमाल हो रहा था, वह नॉन-फूड ग्रेड (इंडस्ट्रियल/फैक्ट्री कलर) था, जो हाथों से भी आसानी से नहीं छूट रहा था। इस तरह के जहरीले रंगों और चोकर की मिलावट कर इन्हें खुलेआम बाजार में बेचा जा रहा था। 

रजनीश की रिपोर्ट