रोजगार के बदले लाठियां दे रही सरकार, TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस का तीखा हमला

Bihar Politics : कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के अभ्यर्थियों पर हुए लाठी चार्ज को लेकर प्रदेश की एनडीए सरकार पर बड़ा हमला बोला है। वहीं उन्होने अभ्यर्थियों के समर्थन में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है...

TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस का तीखा हमला- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे युवाओं की आवाज दबाने वाली कार्रवाई करार दिया है। कांग्रेस नेता राजेश राम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं, छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बुनियादी मुद्दों को हल करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान युवाओं को रोजगार देने के बजाय केवल सत्ता बचाने और राजनीतिक जोड़-तोड़ करने पर केंद्रित है।


राजेश राम ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों में लाखों शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं। विशेष रूप से अंग्रेजी और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पढ़ाई न होने के कारण छात्र महंगी प्राइवेट कोचिंग संस्थानों में जाने को मजबूर हैं, जो शिक्षा के व्यवसायीकरण को बढ़ावा दे रहा है।


कोचिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य में कोचिंग की फीस और संचालन को लेकर सरकार के पास कोई स्पष्ट नियमावली या नीति नहीं है। सरकार की इसी उदासीनता का खामियाजा मध्यमवर्गीय परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन का पूरी तरह समर्थन करती है और युवाओं के हक के लिए चुप नहीं बैठेगी।


सरकार की कार्यशैली पर हमला जारी रखते हुए राजेश राम ने परिवारवाद का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ बिहार का होनहार बेरोजगार युवा सड़कों पर रोजगार के लिए लाठियां खा रहा है, तो दूसरी तरफ सत्ता में बैठे लोग अपने परिजनों और रिश्तेदारों को राजनीतिक अवसर बांटने में व्यस्त हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह परिवारवाद से ऊपर उठकर आम युवाओं के भविष्य के बारे में सोचे और रिक्त पदों पर अविलंब पारदर्शी बहाली प्रक्रिया शुरू करे।


कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं को रोजगार देने के लिए जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। राजेश राम ने कहा कि युवाओं का आक्रोश अब थमने वाला नहीं है और कांग्रेस उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। पार्टी ने सरकार से मांग की है कि लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई हो और अभ्यर्थियों की जायज मांगों पर तुरंत विचार किया जाए।


नरोत्तम की रिपोर्ट