अपराधियों के सम्राट जवाब दें, 1 महीने में 8,681 बच्चे क्यों गायब हुए : तेजस्वी यादव
Bihar Politics : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी को अपराधियों का सम्राट बताते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होने बिहार में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताते हुए राजधानी पटना को महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित बताया है...
Patna : बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। एक कड़े बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि समूचे बिहार की महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक आज खुद को बेहद असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरते हुए सवाल उठाया कि सिर्फ डायलॉगबाजी से बिहार संभालने की गलतफहमी पाले बैठे 'बयान बहादुरों' की सरकार में पिछले एक महीने के भीतर ही बिहार से 8,681 बच्चे आखिर क्यों गायब हो गए?
गायब होने वाले बच्चों में 85 फीसदी लड़कियां, सुरक्षा को लेकर उठे गंभीर सवाल
तेजस्वी यादव ने गायब हुए बच्चों के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कुल लापता बच्चों में से 85 प्रतिशत केवल लड़कियां हैं, जो राज्य में महिला सुरक्षा की पोल खोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में प्रतिदिन दुष्कर्म की कई जघन्य घटनाएं घट रही हैं और अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि वे घर में घुसकर महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि पिछले कुछ ही दिनों के भीतर राज्य में 75 से अधिक दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है।
आर्टिफिशियल बातें करने वाले सीएम को बिहारवासियों की फिक्र नहीं: तेजस्वी
मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पूरे जीवन में बार-बार राजनीतिक गमछा और चश्मा बदलने वाले असहाय मुख्यमंत्री अपराधियों पर नकेल कसने के लिए ‘AI तकनीकयुक्त कैमरा’ तक का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि आर्टिफिशियल बातें करने वाले इन कृत्रिम मुख्यमंत्री को न तो बिहार की फिक्र है और न ही यहाँ के निवासियों की। राज्य के हर जिले में हर दिन हत्या, लूट, चोरी और स्वर्णकारों के साथ दिनदहाड़े डकैती की वारदातें आम हो चुकी हैं।
पटना को बताया महिलाओं के लिए देश का सबसे असुरक्षित शहर
विपक्ष के नेता ने हालिया आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए सरकार में पहले रेप पीड़िता नीट (NEET) छात्रा की हत्या कर दी गई, और अब पॉलिटेक्निक परीक्षा देने पटना आई एक नाबालिग छात्रा के साथ होटल में छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास किया गया। यह इस बात का प्रमाण है कि सत्ता पर बैठे लोग "अपराधियों के सम्राट" का रूप धारण कर चुके हैं। उन्होंने NAARI 2025 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि बिहार के अलग-अलग जिलों से छात्राएं पटना में रहकर पढ़ाई करती हैं, लेकिन आज पटना महिलाओं के लिए देश का सबसे असुरक्षित शहर बन चुका है।
रीलबाजी और सड़कछाप डायलॉगबाजी छोड़ मातृशक्ति की सुरक्षा करे सरकार
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि "पाताल से अपराधियों को ढूंढ निकालने" का खोखला दावा करने वाले और कृत्रिम तरीके से नामांकित मुख्यमंत्री के राज में पुलिस और कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे सड़कछाप डायलॉगबाजी और रीलबाजी से फुर्सत निकालकर बिहार की मातृशक्ति की सुरक्षा के लिए कोई कारगर और ठोस उपाय करें। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में साफ किया कि विपक्ष बिहार की महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार से कोई समझौता नहीं होने देगा।
रंजन की रिपोर्ट