बंगाल में 'सन्तुष्टिकरण' की जीत ने 'तुष्टिकरण' को चटाई धूल, राज्य की जनता ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को दी सच्ची श्रद्धांजलि : विजय कुमार सिन्हा
Bihar Politics : बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत को अहंकार, आतंक और अत्याचार के खिलाफ जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति करार दिया है...
Patna : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के चुनाव परिणामों पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बंगाल में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह परिणाम अहंकार, आतंक और अत्याचार के खिलाफ जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति है। श्री सिन्हा के अनुसार, यह जीत सनातन मूल्यों और सुशासन के प्रति आम जनमानस के गहरे विश्वास का जीवंत प्रतीक है।
असंख्य कार्यकर्ताओं के बलिदान का परिणाम
विजय कुमार सिन्हा ने बंगाल की सफलता को एक लंबे वैचारिक संघर्ष की परिणति बताया। उन्होंने कहा कि संगठन के सतत प्रयासों और असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग एवं बलिदान के कारण ही आज बंगाल की धरती पर 'कमल' खिला है। उन्होंने इस जीत को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि करार देते हुए कहा कि वहां की जनता ने 'वोट की चोट' से तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को कड़ा सबक सिखाया है और 'सन्तुष्टिकरण' के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।
पांच दशक के राजनीतिक दुष्चक्र का अंत
बंगाल के राजनीतिक इतिहास पर चर्चा करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वहां की जनता पिछले करीब पांच दशकों से राजनीतिक दुष्चक्र में फंसी थी। पहले 34 वर्षों तक वामपंथ की 'विनाशलीला' और फिर बीते 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के कुशासन ने राज्य को पीछे धकेला। श्री सिन्हा ने दावा किया कि बंगाल के लोगों को पहली बार निडर होकर अपनी पसंद की सरकार चुनने का अवसर मिला, जिसे उन्होंने सुशासन और विकास के पक्ष में मतदान कर भुनाया है।
असम में विकास की निरंतरता को मिली पहचान
असम के परिणामों पर टिप्पणी करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि वहां की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को जनादेश देकर विकास की निरंतरता पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम बताया। उनके अनुसार, असम की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे केवल उस राजनीति को स्वीकार करेंगे जो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव और सुरक्षा सुनिश्चित करती है।
भविष्य की राजनीति पर पड़ेगा दूरगामी असर
अंत में श्री सिन्हा ने विश्वास व्यक्त किया कि इन चुनावी नतीजों का देश की राजनीति पर बहुत दूरगामी असर होने जा रहा है। आने वाले दिनों में भाजपा और एनडीए की 'नीति आधारित राजनीति' के प्रति जनता की स्वीकार्यता और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण का अध्याय अब समाप्त हो चुका है और पूरा देश सुशासन एवं राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। यह जीत आने वाले समय में अन्य राज्यों के लिए भी एक बड़ा राजनीतिक संदेश है।
वंदना की रिपोर्ट