Bihar News: तीन लाख का इनामी डॉन भोला सिंह पहुंचा बाढ़ , कोर्ट में पेशी से पहले हाई अलर्ट, समर्थकों की भीड़ से बढ़ी पुलिस की बेचैनी
Bihar News: हत्या, रंगदारी, अवैध हथियारों की तस्करी और कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित तीन लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी भोला सिंह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पश्चिम बंगाल से बिहार लाया गया है।...
Bihar News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। हत्या, रंगदारी, अवैध हथियारों की तस्करी और कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित तीन लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी भोला सिंह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पश्चिम बंगाल से बिहार लाया गया है। उसकी पेशी को लेकर बाढ़ और पंडारक इलाके में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।
बंगाल पुलिस की टीम भोला सिंह को लेकर बाढ़ पहुंची है। उसे पहले ट्रेन के माध्यम से हाथीदह लाया गया, जहां से कड़े सुरक्षा घेरे में फोरलेन मार्ग से बाढ़ थाना लाया गया। गुरुवार सुबह उसे बाढ़ व्यवहार न्यायालय में पेश किया जाना है। न्यायालय में पेशी से पहले ही इलाके में हलचल तेज हो गई है और उसके समर्थकों की भीड़ भी धीरे-धीरे जुटने लगी है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन अतिरिक्त चौकसी बरत रहा है।
अपराध की दुनिया में भोला सिंह का नाम लंबे समय से खौफ का पर्याय माना जाता रहा है। कभी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में नौकरी करने वाला भोला सिंह बाद में अपराध के रास्ते पर चल पड़ा और देखते ही देखते कई बड़े मामलों में उसका नाम सामने आने लगा। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूली, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत करीब एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
बताया जाता है कि पंडारक थाना क्षेत्र में उसका प्रभाव इतना बढ़ गया था कि व्यवसायियों और स्थानीय लोगों के बीच उसका नाम दहशत का कारण बन गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
करीब दो महीने पहले 14 अप्रैल को कोलकाता सीबीआई की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुजरात से उसे गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी को बिहार और पश्चिम बंगाल की सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी माना गया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने आपराधिक मामलों के राज खुल सकते हैं।
फिलहाल बाढ़ व्यवहार न्यायालय में उसकी पेशी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। अब सबकी निगाहें अदालत की कार्यवाही और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
रविशंकर की रिपोर्ट