Bihar News : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिले TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, राबड़ी देवी से भी की मुलाकात, जाना RJD सुप्रीमो का हालचाल

Bihar News : 'बिहारी बाबू' के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार को अचानक लालू यादव से मिलने पहुंचे। उन्होंने RJD सुप्रीमो और उनके परिजनों के साथ करीब आधा घंटा व्यतीत किया.....पढ़िए आगे

लालू प्रसाद से मिले शत्रुध्न सिन्हा - फोटो : ABHIJEET

PATNA : पूर्व केंद्रीय मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। 'बिहारी बाबू' के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार को अचानक लालू यादव से मिलने पहुंचे। उन्होंने RJD सुप्रीमो और उनके परिजनों के साथ करीब आधा घंटा व्यतीत किया और लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य का हाल जाना।

मुलाकात के बाद आवास से बाहर निकले शत्रुघ्न सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लालू परिवार के साथ उनका बहुत पुराना और गहरा पारिवारिक संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि वह लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित थे, इसलिए विशेष रूप से उनसे मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी मुलाकात पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से भी हुई, हालांकि तेजस्वी यादव के उपस्थित न होने के कारण उनसे भेंट नहीं हो सकी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू प्रसाद यादव की सराहना करते हुए उन्हें देश का एक बेहद बड़ा और कद्दावर राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव एक बहुत ही अच्छे और जमीन से जुड़े इंसान हैं, जिन्होंने भारतीय राजनीति में अपनी एक खास छाप छोड़ी है। उन्होंने लालू परिवार के सभी उपस्थित सदस्यों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर सहज बातचीत की।

बातचीत के अंत में TMC सांसद ने ईश्वर से लालू प्रसाद यादव के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, "मैं भगवान से यही कामना करता हूं कि लालू प्रसाद यादव हमेशा स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु रहें।" दोनों वरिष्ठ नेताओं की इस आत्मीय मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में एक शिष्टाचार और पुराने संबंधों के नवीनीकरण के रूप में देखा जा रहा है।