धनतेरस और दीपावली पर पटना में बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था: ट्रैफिक एसपी ने जारी किया विशेष रूट प्लान, कई इलाकों में वाहनों की नो-एंट्री

राजधानी पटना में त्योहारों पर भीड़ नियंत्रण और जाम से मुक्ति के लिए पटना पुलिस का विशेष ट्रैफिक प्लान जारी हुआ है। ट्राफिक एसपी के निर्देश पर जारी रुट प्लान के अनुसार कई इलाको में वाहनों की इंट्री पर रोक लगाई गई है....

धनतेरस और दीपावली पर पटना में बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था- फोटो : रिपोर्टर

Patna : धनतेरस और दीपावली के अवसर पर राजधानी पटना के प्रमुख बाजारों एवं सड़कों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। आम नागरिकों को यातायात जाम से राहत दिलाने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटना ट्रैफिक एसपी सागर झा के निर्देश पर 6 एवं 7 नवंबर 2026 को शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्गों पर वाहनों के परिचालन में व्यापक बदलाव किया गया है। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों तथा मरीजों और शव वाहनों को इन सभी प्रतिबंधों से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।


खेतान मार्केट, चूड़ी मार्केट और बाकरगंज क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध 

यातायात पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार, पटना के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों जैसे खेतान मार्केट, चूड़ी मार्केट और बाकरगंज के आसपास के व्यस्त क्षेत्रों में अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए गाड़ियो की एंट्री बैन रहेगी। मछुआटोली और बारी पथ से बाकरगंज की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। मछुआटोली से पश्चिम बारी पथ होते हुए बाकरगंज जाने वाले वाहनों को अशोक राजपथ के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाना होगा। इसके अलावा, बाकरगंज से पूर्व दिशा में मछुआटोली तथा कदमकुआं मोड़ से चूड़ी मार्केट व ठाकुरबाड़ी मोड़ की तरफ भी वाहनों के जाने पर रोक रहेगी।


दिनकर गोलंबर और नाला रोड रूट पर भी बदला रहेगा गाड़ियों का परिचालन 

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए दिनकर गोलंबर से नाला रोड एवं मछुआटोली की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है। अशोक राजपथ की ओर जाने वाले यात्री वाहनों को दिनकर गोलंबर और प्रेमचंद गोलंबर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचने का रूट दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाजारों में पैदल खरीदारी करने वाले लोगों की सुरक्षा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए ही यह अस्थाई डायवर्जन लागू किया गया है।


6 और 7 नवंबर को दोपहर 2 से रात 10 बजे तक मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री 

बाजारों में वाहनों के भारी दबाव को देखते हुए मालवाहक वाहनों के परिचालन पर सख्त पाबंदी लगाई गई है। 6 और 7 नवंबर को दोपहर 2 बजे से लेकर रात 10 बजे तक दिनकर गोलंबर से दोनों दिशाओं (साहित्य सम्मेलन और नाला रोड) में किसी भी प्रकार के कमर्शियल/मालवाहक वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, बुद्धमूर्ति गोलंबर से नाला रोड की तरफ भी मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे; ऐसे वाहनों को बुद्धमूर्ति गोलंबर से पश्चिमी लोहानीपुर होते हुए राजेंद्र नगर की तरफ डाइवर्ट कर दिया जाएगा।


ट्रैफिक एसपी सागर झा की अपील- तय रूट का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें 

पटना ट्रैफिक एसपी सागर झा के निर्देश पर जारी इस विशेष योजना का मुख्य लक्ष्य त्योहारों के दौरान बाजारों में लगने वाले भीषण जाम से शहरवासियों को बचाना और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुलभ रखना है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट डायवर्जन और प्रतिबंधों की जानकारी जरूर लें। इसके साथ ही, सड़कों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन कर सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


रंजीत की रिपोर्ट