बख्तियारपुर स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आईं दो महिलाएं, मौके पर ही मौत
Patna : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल अंतर्गत बख्तियारपुर जंक्शन पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ रेल पटरी पार करने के दौरान दो महिलाएं थ्रू पास कर रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और सूचना मिलते ही रेल पुलिस (GRP) और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची।
न्यू फरक्का एक्सप्रेस की चपेट में आईं महिलाएं
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब गाड़ी संख्या 14004 डाउन नई दिल्ली-मालदा टाउन न्यू फरक्का एक्सप्रेस बख्तियारपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म से तेज गति में गुजर रही थी। दोनों महिलाएं इसी दौरान अवैध रूप से ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थीं। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे इंजन की चपेट में आ गईं।
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक तस्वीर
स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में इस हादसे की भयावह तस्वीर सामने आई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक पुरुष दोनों महिलाओं का हाथ पकड़कर उन्हें ट्रैक पार कराने की कोशिश कर रहा था। उसी वक्त सामने से ट्रेन आ गई। पुरुष तो किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहा, लेकिन दोनों महिलाएं ट्रेन की चपेट में आ गईं। पुलिस अब इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
गया से शादी समारोह में शामिल होने आई थीं महिलाएं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाएं गया जिले की रहने वाली थीं और बख्तियारपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थीं। शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना मिली। हालांकि, खबर लिखे जाने तक दोनों महिलाओं की आधिकारिक पहचान सुनिश्चित नहीं हो पाई है। पुलिस उनके पास से मिले सामानों और स्थानीय संपर्कों के जरिए शिनाख्त की कोशिश में जुटी है।
रेलवे ने फिर की फुट ओवरब्रिज के उपयोग की अपील
हादसे के बाद रेल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक पार करने में बरती जाने वाली लापरवाही को उजागर किया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर पटरी पार न करें और हमेशा फुट ओवरब्रिज का ही प्रयोग करें। पुलिस उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है जो महिलाओं के साथ ट्रैक पार कर रहा था, ताकि घटना की पूरी जानकारी मिल सके।
रविशंकर की रिपोर्ट