TRAI New Rules: आपका सिम कार्ड हो सकता है बंद ! करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए खतरे की घंटी, TRAI ला रहा नया नियम, मचा हड़कंप
TRAI New Rules: नए प्रस्ताव के अनुसार अगर टेलीकॉम कंपनियों के एआई सिस्टम किसी नंबर को संदिग्ध गतिविधि वाला मान लेते हैं तो बिना औपचारिक शिकायत के भी उसे ब्लॉक या डिस्कनेक्ट किया जा सकता है।
TRAI New Rules: आपका सिम कार्ड बंद हो सकता है। देश में बढ़ती स्पैम कॉल और फर्जी मैसेज की समस्या पर लगाम लगाने के लिए Telecom Regulatory Authority of India (TRAI) नए और सख्त नियम लाने की तैयारी में है। वर्ष 2026 के लिए प्रस्तावित ढांचे के तहत ऐसा तंत्र विकसित करने पर विचार किया जा रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से संदिग्ध नंबरों पर सीधे कार्रवाई की जा सके।
स्पैम कॉल पर लगेगी रोक
अब तक किसी मोबाइल नंबर पर कार्रवाई आमतौर पर उपभोक्ता की शिकायत मिलने के बाद ही होती थी, लेकिन नए प्रस्ताव के अनुसार अगर टेलीकॉम कंपनियों के एआई सिस्टम किसी नंबर को संदिग्ध गतिविधि वाला मान लेते हैं तो बिना औपचारिक शिकायत के भी उसे ब्लॉक या डिस्कनेक्ट किया जा सकता है। यानी फैसला एल्गोरिदम के संकेत के आधार पर लिया जा सकता है। रेगुलेटर का मानना है कि इससे स्पैम कॉल करने वालों पर तुरंत रोक लगेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।
कंपनियों ने उठाए सवाल
हालांकि इस प्रस्ताव को लेकर टेलीकॉम कंपनियों में चिंता बढ़ गई है। देश की प्रमुख कंपनियां Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea ने इस पर सवाल उठाए हैं। कंपनियों का कहना है कि केवल एआई के अनुमान के आधार पर किसी नंबर को बंद करना जोखिम भरा हो सकता है।
बंद नंबर को शुरु कराना होगा मुश्किल
उनका तर्क है कि कई बार जरूरी कॉल, जैसे बैंक वेरिफिकेशन या डिलीवरी से जुड़े फोन, भी सिस्टम की नजर में संदिग्ध लग सकते हैं। ऐसे में अगर किसी आम ग्राहक का नंबर गलती से बंद हो गया तो उसे दोबारा चालू कराने की प्रक्रिया जटिल हो सकती है। बिना ठोस शिकायत के सेवा रोकना उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ा मुद्दा भी बन सकता है।
धोखाधड़ी रोकने के लिए उठाया जा रहा कदम
आंकड़ों के मुताबिक टेलीकॉम कंपनियां पहले से ही एआई आधारित फिल्टरिंग का इस्तेमाल कर रही हैं और रोजाना करोड़ों स्पैम कॉल और मैसेज ब्लॉक या चिन्हित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद धोखाधड़ी करने वाले नए-नए तरीके अपनाते रहते हैं, इसी वजह से रेगुलेटर अब और सख्त कदमों पर विचार कर रहा है। अगर यह नियम लागू होता है तो उन लोगों को खास सतर्क रहना होगा जो अपने निजी नंबर से बिजनेस या प्रमोशनल कॉल करते हैं। कॉलिंग पैटर्न असामान्य दिखने पर सिस्टम उसे स्पैम मान सकता है, जिससे नंबर अस्थायी या स्थायी रूप से बंद होने की आशंका रहेगी।