Patna Fire: पटना के सोन भवन कैंपस में ट्रांसफॉर्मर धू-धूकर जला, तेज लपटों से मची अफरातफरी

Patna Fire: पटना के सोन भवन कैंपस में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब अचानक एक ट्रांसफॉर्मर में भीषण आग लग गई।....

सोन भवन कैंपस में ट्रांसफॉर्मर धू-धूकर जला- फोटो : social Media

Patna Fire: पटना के सोन भवन कैंपस में सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब अचानक एक ट्रांसफॉर्मर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफॉर्मर से तेज लपटें और धुआं उठने लगा। आग की भयावहता को देखकर कैंपस में मौजूद कर्मियों और लोगों के बीच हड़कंप मच गया। तत्काल अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद लोद्दीपुर फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर रवाना हुई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे काबू करने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रांसफॉर्मर में आग की वजह से आसपास के इलाके में भी खतरे की स्थिति बन गई थी। आग को फैलने से रोकने के लिए दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छत से भी पानी की बौछार की गई। करीब तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि सोन भवन कैंपस में ट्रांसफॉर्मर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तीन दमकल वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकल कर्मियों की तत्परता और लगातार प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, आग की चपेट में आने से ट्रांसफॉर्मर को काफी नुकसान पहुंचा है। आग आखिर किस वजह से लगी, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

आग लगने के बाद सोन भवन कैंपस में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कुछ लोगों ने भी अपने स्तर से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि, दमकल टीम के पहुंचने के बाद राहत एवं बचाव अभियान व्यवस्थित तरीके से चलाया गया और आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।