Patna Crime: पटना में LJP नेता के घर पर दबंगई! परिवार से मारपीट, महिलाओं-बच्चों को भी नहीं बख्शा, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
Patna Crime: पटना अगमकुआं थाना क्षेत्र में मारपीट और दबंगई का मामला सामने आया है।...
Patna Crime: पटना अगमकुआं थाना क्षेत्र में रविवार देर रात मारपीट और दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय युवकों ने लोजपा रामविलास के नेता परशुराम पासवान के परिवार के साथ मारपीट की। इस दौरान घर की महिलाओं और बच्चों के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई की गई। पूरी वारदात घर के आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात कुछ स्थानीय युवक किसी विवाद को लेकर परशुराम पासवान के घर पहुंचे। देखते ही देखते मामला कहासुनी से बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गया। आरोप है कि युवकों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घर की महिलाओं और बच्चों को भी कथित तौर पर निशाना बनाया गया।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिवार के लोगों ने मामले की शिकायत अगमकुआं थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
मारपीट की घटना से जुड़े CCTV फुटेज भी पुलिस के सामने आने की बात कही जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस वारदात में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर किस विवाद को लेकर मामला इतना बढ़ गया और मारपीट की नौबत क्यों आई।
परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि घर में घुसकर मारपीट और महिलाओं-बच्चों के साथ बदसलूकी की गई। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। पुलिस CCTV फुटेज, शिकायत और मौके से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार