Bihar Transport Department: बिहार में अब ऐसे कटेगा चालान, परिवहन विभाग ने नियम में किया बड़ा बदलाव, मिलेगी राहत या बढ़ेगा सिरदर्द?

Bihar Transport Department: परिवहन विभाग के अनुसार, पटना शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 50 से 60 चालान काटे जा रहे हैं। इनमें से 10 से 12 मामलों में एक ही वाहन का एक दिन में कई बार चालान कट जाता था। कुछ लोगों पर हजारों रुपये का जुर्माना एक साथ देना

परिवहन विभाग का नया नियम - फोटो : social media

Bihar Transport Department:  बिहार में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। अब वाहन चालकों का एक ही दिन में एक ही गलती के लिए केवल एक बार चालान कटेगा। यदि किसी वाहन का एक बार चालान हो चुका है तो उसी दिन दोबारा चालान नहीं काटा जाएगा। यह व्यवस्था लागू करने के लिए जिला परिवहन कार्यालय और ट्रैफिक पुलिस ने चालान सिस्टम को अपडेट कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत चालान काटने वाली मशीन और मोबाइल सिस्टम तुरंत यह बता देगा कि संबंधित वाहन का उसी दिन पहले ही चालान कट चुका है या नहीं।

लगातार मिल रही थीं शिकायतें

पिछले पांच महीनों में कई वाहन चालकों के एक ही दिन में चार से पांच बार चालान कटने की शिकायतें सामने आई थीं। कई मामलों में गलती एक ही थी, लेकिन अलग-अलग स्थानों पर कैमरे या मोबाइल से फोटो खींचे जाने के कारण बार-बार चालान जारी हो गया। बड़ी संख्या में लोग शिकायत लेकर पटना जिला परिवहन कार्यालय पहुंच रहे थे। अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए सिस्टम में सुधार का फैसला किया।

रोजाना 50-60 चालान

परिवहन विभाग के अनुसार, पटना शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 50 से 60 चालान काटे जा रहे हैं। इनमें से 10 से 12 मामलों में एक ही वाहन का एक दिन में कई बार चालान कट जाता था। इससे कुछ लोगों पर हजारों रुपये का जुर्माना एक साथ लग जाता था। अब अपडेटेड मशीन यह भी बताएगी कि चालान पहले कहां और किस कारण से काटा गया था। इससे एक ही गलती के लिए दोबारा चालान जारी नहीं होगा।

मोबाइल और ऑनलाइन सिस्टम में भी सुधार

दो बार चालान कटने की समस्या विशेष रूप से ऑनलाइन और मोबाइल से फोटो लेकर चालान काटने की प्रक्रिया में सामने आ रही थी। अब मोबाइल एप्लिकेशन में भी वाहन नंबर को तुरंत चिह्नित किया जाएगा। यदि कुछ घंटे पहले ही उसी नंबर पर चालान जारी हुआ है तो सिस्टम दोबारा चालान की अनुमति नहीं देगा।

ऑनलाइन सिस्टम की गड़बड़ियों से राहत की उम्मीद

राज्य में ऑनलाइन चालान सिस्टम को लेकर कई शिकायतें रही हैं। कई बार घर में खड़ी गाड़ियों के भी चालान जारी हो गए। कुछ मामलों में कार के नंबर पर बाइक का चालान कट गया। ऐसे मामलों में लोग इधर-उधर भटकते रहे। नए सिस्टम अपडेट के बाद इन तकनीकी गड़बड़ियों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है। परिवहन विभाग का मानना है कि इस फैसले से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी और अनावश्यक जुर्माने की समस्या खत्म होगी।