सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की बड़ी पहल, व्यावसायिक चालकों को मिलेगा प्रशिक्षण

Patna : परिवहन विभाग व्यवसायिक वाहनों चालकों को प्रशिक्षण देगा। यह फैसला सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लिया गया है....

Patna : राज्य में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए परिवहन विभाग ने अत्यंत महत्वपूर्ण फैसला लिया है। विभाग आगामी 11 महीनों तक निबंधित सभी व्यावसायिक चालकों को प्रशिक्षित करेगा। मुख्यमंत्री सात निश्चय-3 के तहत ‘सुरक्षित सड़क, कुशल सेवा और बेहतर जीवन-यापन योजना में एकीकृत चालक प्रशिक्षण शामिल है। इसके तहत मई से मार्च 2027 तक सभी जिलों में चरणवार तरीके से प्रशिक्षण आयोजित होंगे। 

विभाग के अनुसार, प्रशिक्षण में सरकारी और गैर-सरकारी व्यावसायिक वाहन चालक शामिल होंगे। बस, ट्रक, ऑटो, टैक्सी, ओला-उबर से जुड़े हल्के मोटर वाहन (एलएमवी) व भारी मोटर वाहन (एचएमवी) चालक भाग लेंगे। भाग लेने वाले चालकों को 100 रुपये अल्पाहार और 200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। विभाग का उद्देश्य चालकों को जागरूक कर सड़क हादसों में कमी लाना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

गोल्डन ऑवर का महत्व जानेंगे चालक

चालको को यातायात नियमों का पालन, सड़क संकेतो, सुरक्षित ड्राइविंग तकनीक एवं दुर्घटना से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। साथ ही घायलों के लिए त्वरित प्राथमिक उपचार, गोल्डन ऑवर का महत्व, सरकार की नीतियां, बीमा और मुआवजा प्रक्रिया के प्रति जागरुक किया जाएगा।