TRE-4 भर्ती पर से शिक्षा मंत्री ने हटाया भ्रम से हटा पर्दा, BPSC ने खोली फाइल की गांठ, अधियाचना लौटी नहीं, गलतियां सुधारने का दिया फरमान

Bihar TRE 4: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही चर्चाओं के बीच शिक्षामंत्री ने तस्वीर साफ कर दिया है।...

TRE-4 भर्ती पर से शिक्षा मंत्री ने हटाया भ्रम से हटा पर्दा- फोटो : reporter

Bihar TRE 4: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही चर्चाओं के बीच बिहार लोक सेवा आयोग  ने तस्वीर साफ कर दी है। आयोग ने उन खबरों को सिरे से खारिज किया है, जिनमें कहा जा रहा था कि शिक्षा विभाग की ओर से भेजी गई TRE-4 की अधियाचना को BPSC ने वापस कर दिया है। हालांकि जांच में अधियाचना के भीतर कुछ त्रुटियां जरूर पकड़ी गई हैं, जिन्हें दुरुस्त करने के लिए शिक्षा विभाग को पत्र भेजा गया है।

BPSC का कहना है कि जब तक शिक्षा विभाग इन खामियों को दूर कर संशोधित अधियाचना आयोग को दोबारा नहीं भेजता, तब तक TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की राह नहीं खुलेगी। यानी भर्ती की फाइल अटकी है, लेकिन वापस नहीं हुई है। पिछले कुछ दिनों से TRE-4 को लेकर तरह-तरह की अफवाहें और कयास बाजार में गर्म थे। इसी बीच आयोग की प्रेस विज्ञप्ति ने पूरे मामले की परत खोल दी। BPSC ने साफ किया कि अधियाचना को लौटाने की कार्रवाई नहीं हुई है, बल्कि उसमें मिली त्रुटियों को सुधारने के लिए शिक्षा विभाग को लिखा गया है।

इधर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी मामले पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि अधियाचना में त्रुटि सुधारने को लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक को BPSC की ओर से पत्र मिला था और संबंधित गलती को ठीक कर आयोग को भेज दिया गया है।

मंत्री के मुताबिक TRE-4 में कुछ छूटे हुए विषयों को शामिल करने के लिए अगले एक-दो दिनों में सप्लीमेंट्री अधियाचना भी BPSC को भेजी जाएगी। इसके बाद परीक्षा की तारीख घोषित करने में किसी तरह की बड़ी अड़चन नहीं रहनी चाहिए।शिक्षा मंत्री ने यह भी दावा किया कि BPSC अपनी तैयारी में जुटा है और उन्होंने आयोग के अध्यक्ष से व्यक्तिगत तौर पर इस मसले पर बातचीत भी की है।

यानी TRE-4 की भर्ती में फिलहाल सबसे बड़ा ‘पेंच’ अधियाचना की वापसी नहीं, बल्कि दस्तावेजी खामियों का सुधार और छूटे विषयों को जोड़ना है।

अब गेंद शिक्षा विभाग के पाले में है। संशोधित और सप्लीमेंट्री अधियाचना BPSC तक पहुंचते ही भर्ती प्रक्रिया का अगला दरवाजा खुल सकता है। लाखों अभ्यर्थियों की निगाहें अब इसी फाइल पर टिकी हैं—कब खामियां दूर होंगी, कब विज्ञापन निकलेगा और कब TRE-4 की परीक्षा की तारीख का ऐलान होगा?

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा