पूर्व मंत्री स्व. महावीर चौधरी की 98वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा: राज्यपाल और पूर्व सीएम समेत कई दिग्गज नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

पूर्व मंत्री स्व. महावीर चौधरी की 98वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा- फोटो : रोहित

Patna : बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी के पिता एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वर्गीय महावीर चौधरी की 98वीं जयंती समारोहपूर्वक पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राजधानी पटना में आयोजित भव्य श्रद्धांजलि समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा केंद्रीय मंत्री व लोजपा (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने स्व. महावीर चौधरी जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी नम आँखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।


मनमोहक भजन संध्या से गूंजा वातावरण, कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

जयंती समारोह के इस विशेष अवसर पर एक भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक डॉ. मुजतबा हुसैन और अमित कुमार आमी ने अपनी बेहद मनमोहक और सुरीली प्रस्तुतियों से उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। भक्ति संगीत की इन मधुर स्वर लहरियों ने पूरे आयोजन स्थल के वातावरण को पूरी तरह से आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया।


राज्य सरकार के कई मंत्री और दिग्गज नेता रहे मौजूद

इस गरिमामयी समारोह में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रमुख हस्तियों में मंत्री मदन सहनी, राम कृपाल यादव, भगवान सिंह कुशवाहा, संजय सिंह, संजय पासवान, समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी, विधायक रणधीर सिंह, मुरारी प्रसाद गौतम, राधा चरण सेठ, संजीव चौरसिया, जयंत राज, विनय कुमार, मनोरमा देवी, अरुण मांझी, ऋतुराज कुमार, भरत बिंद, सुमित कुमार सिंह समेत कई पूर्व मंत्री और विधायक शामिल रहे।


विधान पार्षदों और आयोगों के अध्यक्षों ने भी दी श्रद्धांजलि

समारोह में विधान पार्षद ललन सर्राफ, तरुण चौधरी, अजय कुमार सिंह, पूर्व विधान पार्षद राजू यादव के अलावा राज्य खाद्य आयोग के सदस्य मनोज कुमार, महिला आयोग की अध्यक्ष प्रो. अप्सरा मिश्रा, बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष अमरदीप, बिहार राज्य शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सैयद सलमान हुसैन और रंजीत कुमार झा सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य लोग एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने स्व. चौधरी को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।


जनसेवा और उच्च आदर्शों के प्रतीक थे स्व. महावीर चौधरी

वक्ताओं ने याद किया कि पूर्व मंत्री स्व. महावीर चौधरी जी का पूरा सार्वजनिक जीवन समाज के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, जनसेवा के प्रति समर्पण और उच्च आदर्शों से परिपूर्ण रहा है। उनके द्वारा स्थापित ये उच्च मूल्य और विचार सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे तथा लोगों को समाज सेवा की नई राह दिखाते रहेंगे।


रोहित की रिपोर्ट