Patna Accident: पटना में करंट का कहर, नंगे बिजली तार की चपेट में आए दो लोग, मौके पर मौत से मचा हड़कंप
Patna Accident:दो युवकों की करंट लगने से मौत हो गई।...
Patna Accident:पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र से बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शेखूपुर बधार स्थित ग्रीन सिटी साइट पर मजदूरी करने वाले दो युवकों की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में मृतकों में से एक की पहचान जानीपुर थाना क्षेत्र के कोरा गांव निवासी 17 वर्षीय चिंटू कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मजदूर की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार की रात दोनों मजदूर दिनभर का काम खत्म करने के बाद अपने डेरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक खेत की बोरिंग से जुड़े बिजली के तार की चपेट में दोनों आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तार असुरक्षित हालत में था और उसके संपर्क में आते ही दोनों मजदूरों को जोरदार करंट लगा। करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
रात के अंधेरे में हुए इस हादसे की जानकारी तत्काल आसपास के लोगों को नहीं हो सकी। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण बधार की तरफ पहुंचे तो वहां दो युवकों के शव पड़े देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना नौबतपुर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब दूसरे मृतक की पहचान कराने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
इस हादसे ने खेतों में इस्तेमाल होने वाली बिजली व्यवस्था और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खुले और असुरक्षित बिजली तार लोगों के लिए जानलेवा खतरा बन सकते हैं। वहीं, घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और आपात स्थिति में संवेदनशीलता को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट- सुमित कुमार