'उमंग-2026' : बैडमिन्टन के महिला वर्ग का फाइनल आज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गया का वैशाली से होगा मुकाबला

PATNA : विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित राज्यस्तरीय खेल, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘उमंग-2026’ के तहत 10 फरवरी से प्रारंभ राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की खेल प्रतियोगिताएं अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी हैं। पाटलिपुत्र खेल परिसर में चल रहे इन मुकाबलों में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए आमने-सामने हैं। ‘उमंग-2026’ के पांचवे दिन बुधवार को इंडोर स्टेडियम में आयोजित बैडमिन्टन के सेमीफ़ाइनल मुकाबले के महिला वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गया ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज दरभंगा को पहले सेमीफ़ाइनल में हराकर फ़ाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। वहीं दूसरे सेमीफ़ाइनल में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, वैशाली ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज भागलपुर को हराकर गुरुवार को होने वाले प्रतियोगिता में अपनी जगह बना ली है। 

उधर, एथलेटिक्स स्पर्धा के उंची कूद के बालिका वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सुपौल की काव्या निर्मल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सिवान की संजना कुमारी व राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज भोजपुर की मनीषा कुमारी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। बालक वर्ग में आरआरएसडीसीई, बेगूसराय के देवराज आनंद को विजेता और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बक्सर के सुजल सिंह को उपविजेता घोषित किया गया। लम्बी कूद में बालक वर्ग में आरआरएसडीसीइ, बेगूसराय के देवराज आनंद को विजेता व राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर के सुजल सिंह को उपविजेता घोषित किया गया। वहीं, बालिका वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, भोजपुर की अलीशा रॉय को विजेता और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सिवान की संजना कुमारी उपविजेता रही। एथलेटिक्स स्पर्धा की 100 मीटर फर्राटा दौड़ के बालक वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर के फैजन रजा खान को प्रथम और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, लखीसराय के हर्ष राज को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, बालिका वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कटिहार की सुनिधि कुमारी को प्रथम व आंचल कुमारी को द्वितीय स्थान हासिल हुई। इसी तरह, 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर के फैजन रजा खान को प्रथम और सुजल सिंह को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। बालिका वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सिवान की संजना को प्रथम और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, भोजपुर की नंदनी कुमारी को द्वितीय स्थान मिला। 400 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सिवान के संजना को प्रथम और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शेखपुरा की निक्की कुमारी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, बालक वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सीतामढ़ी के रूद्र कुमार को पहला स्थान और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, जहानाबाद के प्रिंस कुमार को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।

उधर, रिले रेस में टीम समन्वय निर्णायक रहा। 4×100 मीटर और 4×400 मीटर रिले में बालक वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर तथा बालिका वर्ग में गया और भोजपुर की टीमों ने बढ़त बनाई। कैरम प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सौरभ कुमार और बालिका वर्ग में संजना कुमारी विजेता रहीं। चेस स्पर्धा में गया, बक्सर, तिरहुत और भागलपुर डिविजन की टीमों को विजेता घोषित किया गया। चेस स्पर्धा के बालक वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गया, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बक्सर, तिरहुत डिविजन और भागलपुर डिविजन को विजेता घोषित किया गया है। बैडमिन्टन प्रतियोगिता के फाइनल मैच का आयोजन गुरुवार को सुबह 10 बजे से होगा। ‘उमंग-2026’ में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज फैकल्टी व स्टाफ वर्ग के लिए भी कई प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया था जिसमे उन्होंने अपना दमखम दिखाया।

वॉलीबॉल स्पर्धा का बालक वर्ग का पहला सेमीफाईनल सुबह 9 बजे से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अरवल और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, छपरा के बीच खेला जायेगा। वहीं, दूसरा सेमीफाईनल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, मधेपुरा और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बख्तियारपुर के बिच 9:30 से होगा। बालिका वर्ग में पहला सेमीफाईनल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बांका और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, दरभंगा के बिच 10:30 बजे से होगी। दूसरा सेमीफाईनल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सहरसा और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कटिहार के बीच 11 बजे से खेला जायेगा। फ़ाइनल का आयोजन कल 11:30 बजे से ही निर्धारित है। क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद अब सेमीफाइनल चरण तय हो गया है। पहले सेमीफाइनल में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, समस्तीपुर और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सीतामढ़ी आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, औरंगाबाद के बीच मुकाबला होगा। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी बालक एवं बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों के साथ स्पर्धा अंतिम दौर में प्रवेश कर चुकी है। उल्लेखनीय है कि ‘उमंग-2026’ का कल अंतिम दिन है, जिसमें शेष खेलों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। समापन अवसर पर खेल, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर एक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज को प्रतियोगिता का शीर्ष स्थान प्रदान किया जाएगा।