Bihar News : दरभंगा कांड को लेकर पीड़ित परिवार से मिले प्रशांत किशोर, पुलिसिया कार्रवाई पर उठाए गंभीर सवाल

Bihar News : दरभंगा कांड को लेकर पीड़ित परिवार से मिले प्रशां

Darbhanga : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने दरभंगा में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे किशोर ने इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज और मानवता पर कलंक हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि इस कठिन घड़ी में वे न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं।

"आवाज उठाने वालों को निशाना बना रही पुलिस"

प्रशांत किशोर ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस मुख्य दोषियों को सजा दिलाने से ज्यादा ध्यान न्याय की मांग करने वालों को दबाने पर दे रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक तरफ मुख्य आरोपी पकड़ा गया है, तो दूसरी तरफ पुलिस उन ग्रामीणों और पीड़ित पक्ष के लोगों को ही गिरफ्तार कर रही है जिन्होंने इस जघन्य अपराध के खिलाफ आवाज उठाई थी।

निर्दोषों की गिरफ्तारी पर खड़े किए सवाल

प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए किशोर ने कहा कि पथराव के नाम पर निर्दोष लोगों को जेल भेजना न्याय की गला घोंटने जैसा है। उन्होंने इसे 'असली मुद्दे से ध्यान भटकाने की साजिश' करार दिया। प्रशांत किशोर ने मांग की कि जो लोग आक्रोश में न्याय की मांग कर रहे थे और जिन पर पथराव का आरोप लगाकर गिरफ्तार किया गया है, उन्हें प्रशासन तत्काल रिहा करे।

न्याय दिलाने की प्राथमिकता पर जोर

प्रशांत किशोर ने स्पष्ट लहजे में कहा कि ऐसी संवेदनशील घटनाओं में सरकार और प्रशासन की पहली प्राथमिकता पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाना और दोषियों को स्पीडी ट्रायल के जरिए सख्त सजा दिलाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अपनी पूरी ऊर्जा जांच और न्याय प्रक्रिया में लगानी चाहिए, न कि विरोध करने वाले आम लोगों के मनोबल को तोड़ने में।

प्रशासनिक रवैये की कड़ी आलोचना

अंत में उन्होंने कहा कि सत्ता और सिस्टम का डर अपराधियों में होना चाहिए, न कि पीड़ित और उनके समर्थकों में। किशोर ने चेतावनी दी कि अगर निर्दोष लोगों को परेशान करना बंद नहीं किया गया और बच्ची को जल्द न्याय नहीं मिला, तो यह जन-आक्रोश और बढ़ सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और दरभंगा की बेटी को न्याय सुनिश्चित करे।

वरुण की रिपोर्ट