नीतीश के राज्यसभा जाने की पहल के बीच जदयू में संगठनात्मक कवायद तेज, प्रदेश अध्यक्ष के लिए इस नेता ने किया नामांकन
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि शुक्रवार थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब तक सिर्फ एक नेता ने इस पद के लिए नामांकन किया है।
Bihar News : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने की पहल के बाद जनता दल (यू) में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर बड़ी कवायद शुरू हुई है। शुक्रवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उमेश कुशवाहा ने नामांकन दाखिल किया।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि शुक्रवार थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब तक किसी अन्य नेता ने इस पद के लिए नामांकन नहीं किया है। ऐसे में उमेश कुशवाहा का तीसरी बार निर्विरोध जदयू प्रदेश अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। उमेश कुशवाहा के नामांकन में कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रस्तावक की भूमिका निभाई। इनमें सांसद रामनाथ ठाकुर, बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह, मंत्री श्रवण कमर सहित पार्टी के कई विधायक शामिल रहे।
नामांकन के बाद उमेश कुशवाहा ने कहा कि शुक्रवार शाम 5 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में मुख्यमंत्री मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर पार्टी विधायकों से चर्चा करेंगे और अपनी बात रखेंगे।
वहीं बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने भी इस बैठक को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास पर शाम 5 बजे होने वाली बैठक में जदयू के सभी विधायक शामिल होंगे। लेसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति कार्यकर्ताओं का भावुक होना स्वाभाविक है, क्योंकि पिछले करीब 20 वर्षों में उन्होंने राज्य के विकास के लिए काम किया है और पार्टी के हर कार्यकर्ता ने उनका साथ दिया है।
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की पहल के बाद पार्टी के भीतर संगठन और सरकार दोनों स्तर पर नए समीकरण बन सकते हैं, जिस पर सबकी नजर बनी हुई है।