Bihar Bridge Collapses: बिहार में निर्माणाधीन पुल ढहा, पटना में बड़ा हादसा, 2 मजदूर दबे, इलाके में मचा हड़कंप, ग्रामीणों में आक्रोश

पटना में निर्माणाधीन पुल ढहा- फोटो : social media

Bihar Bridge Collapses:  बिहार में पुल गिरने का सिलसिला एक बार फिर शुरु होते हुए दिख रहा है। जहां एक ओर विक्रमशिला सेतु के जर्जर स्थिति को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे थे तो इसी बीच बड़ी खबर दानापुर से सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार दानापुर में निर्माणाधीन पुल ढह गया है। अचानक हुए इस हादसे में दो मजदूर मलबे में दब गए। पूरा मामला दानापुर स्थित ढिबरा इलाके में निर्माणाधीन पुल का है। 

निर्माणाधीन पुल गिरा 

बताया जा रहा है कि अचानक पुल का ढांचा भरभराकर गिर पड़ा। जिसमें दो मजदूर मलबे में दब गए। इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार विजय सिंह पथ से ढिबरा तक सड़क और पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान पुल का ढांचा ताश के पत्तों की तरह ढह गया। मलबे में दबे मजदूरों में से एक को जेसीबी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

दो मजदूर दबे 

वहीं, दूसरा मजदूर पुलिया के नीचे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुल का निर्माण बिना मजबूत बेस और पिलर के सीधे मिट्टी पर किया जा रहा था। आरोप है कि निर्माण में सरिया का इस्तेमाल नहीं किया गया और घटिया सामग्री लगाई जा रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक इलाके में इसी तरह के दो पुल बनाए जा रहे थे, जिनमें से एक गिर चुका है, जबकि दूसरा भी उसी कमजोर तकनीक से तैयार किया जा रहा है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

ग्रामीणों में आक्रोश 

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से दूसरे निर्माणाधीन पुल की तत्काल जांच कराने और काम रोकने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।