केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने की मोदी सरकार के नीतियों की सराहना, कहा स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान, मखाना और लीची की बढ़ रही मांग

Nityanand Rai : केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।

सरकार के नीतियों की सराहना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने आज स्थानीय उत्पादों का वैश्विक पहचान होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक निर्यात के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है। उनके द्वारा बनाई गई योजना और नीतियों के कारण देश के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल रही है और वे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहुंच बना रहे हैं। जिसका उदाहरण बिहार का मखाना, शाही लीची व अन्य सामग्रीयां हैं। 

उन्होंने कहा की अनेक स्थानीय उत्पाद आज देश की पहचान बन रहे हैं। यह प्रधानमंत्री के उस संकल्प का परिणाम है, जिसमें स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इससे स्थानीय किसानों, उत्पादकों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त होने के नए अवसर मिल रहे हैं। आज भारत स्थानीय उत्पाद के संकल्प को पूरा करता दिख रहा है । आज दुनियां के बड़े निर्यातक के रूप में भारत स्थापित हो चुका है।

केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रम और अफवाह फैलाकर सत्ता की लालसा में भारत विरोधी सुरों के साथ सुर मिलाने वाले लोग देश की छवि और सामर्थ्य को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। देश की जनता ऐसे लोगों की मंशा को भली-भांति समझती है और उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर निरंतर मजबूत हो रहा है। भारत अब अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता करने वाला नहीं है। आज भारत इतना सामर्थ्यवान है कि उसकी एकता, अखंडता और सीमाओं पर कोई बुरी नजर डालने का साहस नहीं कर सकता। राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी केवल एक राजनीतिक संकल्प नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के विश्वास का प्रतीक है। यह गारंटी है सुरक्षित भारत का, सुरक्षित सीमाओं का और विकसित भारत का।