Bihar News : ‘मोदी का बाप भी जेल जाएगा’ वाले बयान पर गरमाई राजनीति, मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा- सार्वजनिक रूप से माफी मांगे खड़गे

Bihar News : हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए कथित बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।

Bihar News : ‘मोदी का बाप भी जेल जाएगा’ वाले बयान पर गरमाई र
खड्गे के बयान पर आपत्ति - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया बयान पर तीखा ऐतराज जताया है। मंत्री संतोष सुमन ने बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

"ऐसी भाषा भारतीय लोकतंत्र की गरिमा के अनुकूल नहीं"

मंत्री संतोष कुमार सुमन ने मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि सार्वजनिक मंचों से "मोदी का बाप भी जेल जाएगा" जैसी भाषा का प्रयोग करना भारतीय लोकतंत्र की गरिमा, सार्वजनिक जीवन की मर्यादा और हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की बयानबाजी से राजनीतिक स्तर और संवाद की गुणवत्ता गिरती है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सही संकेत नहीं है।

महापुरुषों की जयंती को राजनीतिक कटुता से दूर रखने की नसीहत

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि बिहार केसरी श्री बाबू जैसी महान विभूति की जयंती का मुख्य उद्देश्य समाज को प्रेरणा देना, उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना होता है। ऐसे पावन और गरिमामय अवसरों का इस्तेमाल राजनीतिक कटुता, द्वेष और व्यक्तिगत हमलों को बढ़ावा देने के लिए नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे समाज में गलत संदेश जाता है।

सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग और आयोजकों से स्पष्टीकरण

राजनीतिक मतभेदों को लोकतंत्र का हिस्सा बताते हुए मंत्री ने कहा कि वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक संवाद में भाषा की मर्यादा बनाए रखना हर दल के शीर्ष नेतृत्व की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अपने इस बयान के लिए देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के आयोजकों को भी इस प्रकरण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए खेद जताना चाहिए।

श्री बाबू का जीवन बिहार के गौरव और विकास का प्रतीक

अंत में डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का पूरा जीवन और उनका महान योगदान बिहार के गौरव, सामाजिक न्याय और सर्वांगीण विकास की प्रेरणा का स्रोत रहा है। ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों की पवित्रता और गरिमा को बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों, संगठनों और राजनेताओं का साझा दायित्व है, ताकि भविष्य में इस तरह की अमर्यादित घटनाओं से बचा जा सके।