Bihar News : नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक 'अपनापन' का होगा भव्य विमोचन, मंत्री श्रवण कुमार करेंगे शिरकत

Bihar News : केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की लिखी किताब “अपनापन: नरेन्द्र मोदी संग मेरे अनुभव” के विमोचन कार्यक्रम में बिहार के मंत्री श्रवण कुमार भी शामिल होंगे।

अपनापण का विमोचन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : केन्द्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखित बहुप्रतीक्षित पुस्तक “अपनापन: नरेन्द्र मोदी संग मेरे अनुभव” का देश की राजधानी नई दिल्ली में भव्य विमोचन होने जा रहा है। दिल्ली स्थित पूसा के एन.ए.एस.सी (NASC) कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले इस गरिमामयी समारोह में बिहार सरकार के सूचना एवं जन-संपर्क तथा ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार विशेष रूप से शामिल होंगे। इस वीवीआईपी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंत्री श्रवण कुमार को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है।

ये हस्तियाँ रहेगी शामिल 

इस साहित्यिक व राजनीतिक महत्व की पुस्तक का विधिवत लोकार्पण देश के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू तथा पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा। विमोचन समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ राजनेताओं, केंद्रीय मंत्रियों, नौकरशाहों और प्रबुद्ध साहित्यकारों का जमावड़ा होने की उम्मीद है।

तीन दशकों के राजनीतिक व आत्मीय अनुभवों का दस्तावेज है ‘अपनापन’

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा रचित पुस्तक 'अपनापन' में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ तीन दशकों (30 वर्ष) से भी अधिक समय तक बिताए अपने लंबे राजनैतिक, सामाजिक व आत्मसात् अनुभवों को बेहद सजीवता से पिरोया है। इस किताब के माध्यम से पाठकों को प्रधानमंत्री मोदी के कार्य करने के तरीके, उनकी दूरदर्शिता और दोनों नेताओं के बीच के आत्मीय संबंधों की अनसुनी झलकियां देखने को मिलेंगी।

किताब के बारे में

लेखक चौहान ने पुस्तक में इस बात का विस्तृत उल्लेख किया है कि उन्होंने एक सहकर्मी, मुख्यमंत्री और अब केंद्रीय मंत्री के रूप में प्रधानमंत्री को विभिन्न भूमिकाओं में किस तरह देखा, उनसे क्या सीखा और उनकी वैचारिक यात्रा कैसी रही। इस किताब के पन्नों में संगठन, अटूट समर्पण और जन-संदेश के माध्यम से कुशल नेतृत्व, निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र निर्माण के कई अनमोल सूत्र उभरकर सामने आते हैं, जो राजनीतिक क्षेत्र में आने वाले युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित होंगे। आपको बता दें कि देश के इस चर्चित संस्मरण ‘अपनापन’ का प्रकाशन देश के प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थान 'प्रभात प्रकाशन' की ओर से किया जा रहा है।