केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का दो दिवसीय बिहार दौरा: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे हवाई व जमीनी निरीक्षण

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार 16 सितंबर को दो दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे है। इस दौरान वे प्रदेश के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे.....

Patna : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के तहत राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने आ रहे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे भोपाल से पटना पहुंचकर सुबह 10:30 बजे पटना स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा दिघवारा एवं मनेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।


तेरसिया और सरायपुर गांव में किसानों से सीधी मुलाकात

हवाई सर्वेक्षण के उपरांत वे सुबह 11 बजे हाजीपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से सड़क मार्ग द्वारा तेरसिया एवं सरायपुर गांवों का दौरा करेंगे। यहां वे सीधे खेतों में उतरकर बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेंगे तथा स्थानीय किसानों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।


मुख्यमंत्री सचिवालय 'संवाद' में होगी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

बाढ़ क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद श्री चौहान गांधी सेतु के रास्ते दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय (पटना) स्थित 'संवाद' पहुंचेंगे। यहां वे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों तथा किसानों को दी जाने वाली सहायता को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लेंगे।


मुंगेर और भागलपुर में राहत शिविरों का निरीक्षण

दोपहर डेढ़ बजे पटना से प्रस्थान कर वे करीब सवा दो बजे मुंगेर के नवाबगढ़ी पहुंचेंगे, जहां वे राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर चल रहे राहत कार्यों की गुणवत्ता परखेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से भागलपुर होते हुए नवगछिया के कोजीकरैया बांध का निरीक्षण करेंगे और भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर में शरण लिए परिवारों से मुलाकात करेंगे।


केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता और आगामी कार्यक्रम

भागलपुर राजकीय अतिथिशाला में रात्रि विश्राम के उपरांत 17 सितंबर की सुबह भी वे बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने के पश्चात पटना के लिए प्रस्थान करेंगे। केंद्रीय मंत्री के इस संवेदनशील और त्वरित दौरे से स्पष्ट है कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के बाढ़ पीड़ित परिवारों और किसानों को हरसंभव मदद व त्वरित राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


नरोत्तम की रिपोर्ट