पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक, तलाशी में इनोवा से बरामद हुआ भारी मात्रा में विदेशी शराब

पटना ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक लग्जरी कार से भारी मात्रा मे विदेशी शराब बरामद हुआ है। हालांकि कार का चालक फरार होने में सफल रहा...

इनोवा से बरामद हुआ भारी मात्रा में विदेशी शराब- फोटो : रिपोर्टर

Patna : पटना यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के तहत शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है। ट्रैफिक एसपी सागर झा के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने धनकी मोड़ के पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब से लदी एक इनोवा कार को जब्त किया है। 


हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस टीम को देखते ही कार छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा।


शमन की कार्रवाई के दौरान संदिग्ध इनोवा कार को रोकने का किया गया था इशारा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यातायात पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (पु०अ०नि०) संजय कुमार यादव अपनी टीम के साथ धनकी मोड़ के समीप यातायात नियमों के उल्लंघन पर शमन (जुर्माना) की कार्रवाई कर रहे थे। इसी क्रम में वहां से गुजर रही झारखंड नंबर की एक संदिग्ध इनोवा कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। पुलिस बल को सामने देख चालक घबरा गया और वाहन को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया।


तलाशी में कार के अंदर से बरामद हुई विदेशी शराब की बड़ी खेप

चालक के भागने से उत्पन्न संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने जब उक्त इनोवा कार की गहन तलाशी ली, तो अंदर से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शराब और तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार को अपने कब्जे में ले लिया। बरामद की गई विदेशी शराब और जब्त वाहन को आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए स्थानीय अगमकुआं थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।


रंजीत की रिपोर्ट