Bihar Budget Session: 'हमाम में सब नंगे'...विधान परिषद में शराबबंदी कानून को लेकर पक्ष विपक्ष में हंगामा, राजद एमएलसी ने दी चेतावनी तो बिफरे मंत्री....

Bihar Budget Session: विधान परिषद में शराबबंदी को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। राजद एमएलसी ने दावा किया कि अगर सदन में भी शराब मंगाई जाए तो डिलीवरी हो जाएगी। राजद एमएलसी के बयान पर मंत्रियों ने चुनौती दी है।

विधान परिषद में जबरदस्त बवाल - फोटो : social media

Bihar Budget Session:  बिहार विधानसभा का बजट सत्र अब अपनी अंतिम पड़ाव पर है। इसी दौरान गुरुवार को सदन में जबरदस्त बवाव देखने को मिला। सदन में शराबबंदी कानून को लेकर लगातार विपक्ष सत्ता पक्ष को घेर रहा है। विपक्ष का दावा है कि अगर सदन में चाहें तो सदन में भी शराब की डिलीवरी हो जाएगी। वहीं उनके इस बयान पर अब मंत्री ने भी चुनौती दी है और कहा है कि वो शराब मंगवा कर दिखाएं। 

शराबबंदी कानून को लेकर बवाल 

दरअसल, शराबबंदी के मुद्दे पर गुरुवार को विधान परिषद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। बहस के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला और सदन का माहौल गर्म हो गया। जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने आरजेडी के विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि सदन में शराबबंदी की प्रतिज्ञा लेने के बाद शराब मंगाने जैसी बात कहना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान पर अधिनियम के तहत मुकदमा हो सकता है। नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि राजद ने शराब बेचने वाली कंपनियों से करोड़ों रुपये चंदा लिया, इसलिए पार्टी को शराबबंदी से परेशानी हो रही है।

सुनील सिंह का पलटवार

इस पर सुनील सिंह खड़े होकर जवाब देते हुए कहा, “हमाम में सब नंगे हैं, सबकी हकीकत जानता हूं, सदन की पटल पर खोलकर रख दूंगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि “किंग महेंद्र से जदयू तक हर महीने 99 लाख रुपये लिए जाते रहे, यह सिलसिला पांच साल तक चला।”

मंत्री विजय चौधरी का जवाब

वहीं मंत्री विजय चौधरी ने परिषद में कहा कि यदि कहीं शराब मिल रही है तो उसे बंद कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने विपक्ष से कहा कि यदि जानकारी है तो कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सूचना दें। सिर्फ आरोप लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा।

अशोक चौधरी की चुनौती

वहीं मंत्री अशोक चौधरी ने सुनील कुमार सिंह को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो बिहार विधानसभा कैंपस के अंदर शराब की डिलीवरी कराकर दिखाएं, जेल भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी शराब मिल रही हो, उसकी सूचना हेल्पलाइन पर दी जानी चाहिए, ताकि कार्रवाई हो सके। सत्ता पक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में शराबबंदी की बड़ी पहल की है और इसे हर हाल में लागू रखा जाएगा।

किस जेल में रहेंगे राजद एमएलसी 

इसके पहले नीरज कुमार ने मीडियाकर्मियों से बात चीत के दौरान कहा कि यदि हिम्मत है तो शराब मंगाकर दिखाएं और फिर यह भी बताएं कि किस जेल में रहेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजद सुप्रीमो लालू यादव होटवार जेल जा चुके हैं, अब यह बताना चाहिए कि सुनील कुमार सिंह किस जेल में रहना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि, इसका फैसला हम लोग कर लेंगे।

शराबबंदी कानून पर सख्त रुख

नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लोगों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह कानून सभी पर समान रूप से लागू होता है और इसका पालन सभी को करना होगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई शराबबंदी कानून की समीक्षा या समाप्ति की मांग करता है, तो वह अपने पूरे परिवार के साथ शपथपत्र (एफिडेविट) सार्वजनिक करे। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो ऐसा करके दिखाएं।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट