यात्रीगण ध्यान दें! पटना और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल, चेक करें टाइम टेबल
पटना और नई दिल्ली के बीच 02252/02251 नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का परिचालन किया जायेगा । इस फेस्टिवल स्पेशल में वंदे भारत के 16 कोच होंगे ।
Rail News : आगामी त्यौहार के अवसर पर यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर उनकी सुविधा हेतु कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है । इसी कड़ी में पटना और नई दिल्ली के बीच 02252/02251 नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का परिचालन किया जायेगा । इस फेस्टिवल स्पेशल में वंदे भारत के 16 कोच होंगे ।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि गाड़ी सं. 02252 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस नई दिल्ली से 16 एवं 18 अक्टूबर, 2026 को तथा 21 अक्टूबर से 25 नवंबर, 2026 तक सप्ताह के प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शनिवार को परिचालित किया जाएगा ।
दिल्ली से यह स्पेशल 08.35 बजे खुलकर 10.21 बजे अलीगढ़, 13.30 बजे कानपुर सेंट्रल, 15.45 बजे प्रयागराज, 18.00 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., 19.26 बजे बक्सर एवं 20.10 बजे आरा रुकते हुए उसी दिन 21.30 बजे पटना जं. पहुंचेगी ।
वापसी में, गाड़ी सं. 02251 पटना-नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस पटना से 17 एवं 19 अक्टूबर, 2026 को तथा 22 अक्टूबर से 26 नवंबर, 2026 तक सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार, गुरूवार एवं रविवार को परिचालित किया जाएगा ।
पटना से यह स्पेशल 10.00 बजे खुलकर, 10.38 बजे आरा, 11.25 बजे बक्सर, 13.10 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., 15.35 बजे प्रयागराज, 17.50 बजे कानपुर सेंट्रल एवं 20.53 बजे अलीगढ़ रुकते हुए उसी दिन 23.30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी ।