बिहार में पेपर लीक पर बड़ा एक्शन: EOU पहुंचे शिक्षक गुरु रहमान और छात्र नेता विकेश भट्ट, दिए अहम सबूत

बिहार पुलिस ड्राइवर, मद्य निषेध सिपाही और रेडियो ऑपरेटर परीक्षा के पेपर लीक का सबूत लेकर जाने-माने शिक्षक गुरु रहमान और छात्र नेता विकेश भट्ट पटना स्थित आर्थिक अपराध इकाई (EOU) कार्यालय पहुंचे। खबर से अभ्यर्थियों और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।

Bihar Police Paper Leak
EOU पहुंचे शिक्षक गुरु रहमान पेपर लीक पर दिए अहम सबूत- फोटो : Reporter

पटना से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ बिहार की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। राज्य के जाने-माने शिक्षक गुरु रहमान और छात्र नेता विकेश भट्ट पटना स्थित आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के कार्यालय पहुंचे। उनके EOU दफ्तर पहुँचने की खबर से अभ्यर्थियों और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।



तीन बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक का सबूत देने का दावा


गुरु रहमान और विकेश भट्ट ने बिहार पुलिस ड्राइवर बहाली, मद्य निषेध सिपाही भर्ती और रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में हुई धांधली को लेकर मोर्चा खोला है। दोनों प्रतिनिधियों ने दावा किया है कि उनके पास इन तीनों महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक होने के ठोस और पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वे आधिकारिक तौर पर जांच एजेंसी को सौंपने आए हैं।



अभ्यर्थियों के भविष्य और पारदर्शिता को लेकर जताई चिंता


ईओयू अधिकारियों से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने युवाओं और छात्रों के भविष्य का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि दिन-रात मेहनत करने वाले मेधावी छात्रों के साथ यह सरासर अन्याय है। पेपर लीक और धांधली जैसी घटनाओं से न केवल योग्य अभ्यर्थियों का मनोबल टूटता है, बल्कि पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं।



निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग


शिक्षक गुरु रहमान और छात्र नेता विकेश भट्ट ने आर्थिक अपराध इकाई से इन सबूतों के आधार पर त्वरित और निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे सक्रिय सॉल्वर गैंग और मुख्य साजिशकर्ताओं को बेनकाब कर उन पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

पटना से अनिल की रिपोर्ट