Bihar News : पटना जू के पास खुला वेजफेड का पहला 'तरकारी आउटलेट', मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन

Bihar News : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना जू के गेट नंबर-2 के समीप 'वेजफेड' द्वारा संचालित राज्य के पहले 'तरकारी आउटलेट' का उद्घाटन किया।

तरकारी आउटलेट का उद्घाटन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना जू के गेट नंबर-2 के समीप तरकारी आउटलेट का उद्घाटन किया। बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा संचालित यह अपनी तरह का पहला आउटलेट है।  इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री, सहकारिता विभाग रामकृपाल यादव उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार किसानों की आय दोगुनी करने, उपभोक्ताओं को शुद्ध, ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने तथा सब्जी उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वेजफेड द्वारा संचालित तरकारी आउटलेट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर बाजार मिलेगा और उपभोक्ताओं को भी उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उपलब्ध होंगी। मंत्री, सहकारिता विभाग श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि इन आउटलेट के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों एवं सब्जी उत्पादक समूहों से सीधे सब्जियों की खरीद की जाएगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। उपभोक्ताओं को ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उचित दर पर उपलब्ध होंगी। साथ ही, सब्जी उत्पादकों को बाजार एवं रोजगार के अवसरों का सीधा लाभ मिलेगा।

मंत्री ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में प्रति इकाई 7.44 लाख रुपये की लागत से कुल 200 तरकारी आउटलेट का निर्माण कराया जा रहा है। प्रत्येक आउटलेट का आकार 15×10 वर्ग फीट निर्धारित किया गया है। पटना नगर निगम क्षेत्र के पार्कों में भी इस प्रकार के गुणवत्तापूर्ण तरकारी आउटलेट खोले जाने की योजना है। शीघ्र ही पटना के गर्दनीबाग स्थित ऑफिसर्स फ्लैट एवं शास्त्री नगर स्थित ऑफिसर्स क्वार्टर में भी तरकारी आउटलेट का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना का मूल उद्देश्य 'हर थाली में बिहार तरकारी' को साकार करना है। इसके लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है तथा सब्जी संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों को आवश्यक बुनियादी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही सब्जी हाटों में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा विकसित की जा रही है, ताकि सब्जियों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ उनकी बर्बादी को भी रोका जा सके।

सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों से जुड़े किसान सदस्यों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे उन्हें आधुनिक तकनीक, बेहतर उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन की जानकारी मिल सके। वेजफेड की यह पहल राज्य में सब्जी उत्पादकों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने, बिचौलियों की भूमिका कम करने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा आम उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, निबंधक (सहयोग समितियां) रजनीश कुमार सिंह तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।