Bihar News : पटना में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी करने वाला आरोपी धीरज गिरफ्तार, लखनऊ पुलिस ने की कार्रवाई

Bihar News : पटना में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी करने के आरोप में लखनऊ पुलिस ने पटना के बाइपास थाना क्षेत्र से धीरज नामक युवक को गिरफ्तार किया है।

Bihar News : पटना में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी करने
साइबर ठग गिरफ्तार - फोटो : ANIL

PATNA : राजधानी पटना के बाइपास थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। लखनऊ पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोप में पटना से धीरज नामक युवक को गिरफ्तार किया है। मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला आरोपी पटना के बाइपास इलाके में एक कंपनी संचालित कर रहा था और इसी कंपनी की आड़ में साइबर अपराधियों के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

लखनऊ पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को साइबर थाना कांड संख्या 83/26 के तहत गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी से जुड़े बैंक खातों के जरिए लगभग 1.5 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। वहीं, अकेले लखनऊ के एक मामले में डिजिटल अरेस्ट के जरिए करीब 11 लाख रुपये की ठगी किए जाने की पुष्टि हुई है।

पुलिस की अब तक की जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी धीरज के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल, लखनऊ पुलिस और स्थानीय प्रशासन उसके बैंक खातों की डिटेल खंगालने के साथ-साथ उसकी कंपनी की गतिविधियों और इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रहा है।

अनिल की रिपोर्ट